63 किमी लखनऊ-कानपुर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के एलीवेटेड सेक्शन पर काम नेशनल हाईवे एनएचएआई ने शुरू करा दिया है। एक फरवरी 2025 तक का समय 14 किमी लंबे इस सेक्शन को पूरा करने के लिए होगा। हालांकि, एनएचएआई का दावा है कि करीब 18 महीने में ही इस निर्माण को पूरा करने की तैयारी है। यह एलीवेटेड सेक्शन 17.5 किमी लंबे पैकेज-1 शहीद पथ लखनऊ से उन्नाव का भाग है।
परियोजना निदेशक सौरभ चौरसिया ने बताया कि निर्माण शुरू करने के लिए बैरिकेडिंग का काम कार्यदायी संस्था ने करा दिया है। बुधवार को पिलर खड़े करने केलिए पाइलिंग के लिए खोदाई करने को मशीनें भी पहुंच गईं। इससे पहले सर्विस लेन बनाने का काम पूरा कर लिया गया था। बुधवार को भी यूटिलिटी शिफ्टिंग और अतिक्रमण हटवाने की कार्रवाई चालू रही। बनी की तरफ से निर्माण शुरू हुआ है। इसके अलावा जहां जमीन के अधिग्रहण के लिए अतिरिक्त मुआवजा बांटा जाना है। उसके लिए एडीएम भू-अध्याप्ति को 27 करोड़ रुपये का बजट भी दे दिया गया है।
एनएचएआई के रिकॉर्ड के मुताबिक 63 किमी लंबे लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस वे पर करीब 4270 करोड़ रुपये का खर्च आना है। इसमें से 3133 करोड़ रुपये निर्माण पर खर्च होंगे। बाकी बजट जमीन अधिग्रहण पर खर्च है।