आनंद विवाह रजिस्ट्रेशन नियमावली पर जताया सीएम योगी का आभार
लखनऊ। कृषि राज्य मंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख के नेतृत्व में बुधवार को सिख प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश कैबिनेट की ओर से ‘आनंद विवाह रजिस्ट्रेशन नियमावली-2026 (आनंद कारज)’ को मंजूरी दिए जाने पर सीएम का आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि यह निर्णय प्रदेश के सिख समाज के लिए ऐतिहासिक है। नियमावली लागू होने से सिख धार्मिक परंपराओं के अनुसार संपन्न होने वाले विवाहों के पंजीकरण में सुविधा मिलेगी। सीएम ने सिख समुदाय को बधाई देते हुए कहा कि गुरु साहिबान का बलिदान और सिख परंपराएं राष्ट्र की संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। आश्वस्त किया कि राज्य सरकार सिख समुदाय के हितों और उनकी गौरवशाली परंपराओं के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है।