लखनऊ। राजधानी सहित प्रदेश के माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए पहली बार राज्य स्तरीय पुस्तक मेला आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को स्क्रीन से दूर रखकर पठन संस्कृति को बढ़ावा देना और किताबों के साथ-साथ अखबार पढ़ने की आदत विकसित करना है। मेले में विद्यार्थियों को उनकी जरूरत की किताबें 15 से 20 प्रतिशत तक की छूट पर उपलब्ध कराई जाएंगी।
उत्तर प्रदेश शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) डॉ. महेंद्र देव ने बताया कि सिटी स्टेशन मार्ग स्थित राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज परिसर में तीन फरवरी को माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से मेगा पुस्तक मेले का आयोजन होगा। मेले में विभिन्न विशेषज्ञ बच्चों को किताबों और अखबार पढ़ने के महत्व के प्रति जागरूक करेंगे।
राज्य पुस्तकालय की विशेष कार्याधिकारी सांत्वना तिवारी ने बताया कि पुस्तक मेले में 15 से 20 प्रकाशक भाग लेंगे। प्रत्येक स्टॉल पर 1200 से 1500 पुस्तकें उपलब्ध होंगी, जो किफायती दामों पर दी जाएंगी। मेले में कहानी, लोककथाएं, लोक कलाएं और स्वावलंबन से जुड़ी पुस्तकें प्रमुख रूप से शामिल रहेंगी। मेले की थीम ‘स्क्रीन से पठन की ओर, संस्कृति अध्ययन की पहल’ रखी गई है।
विशेषज्ञ देंगे तनावमुक्त बोर्ड परीक्षा के टिप्स
सांत्वना तिवारी ने बताया कि कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव के अलावा स्टोरी टेलर, वरिष्ठ साहित्यकार, पुस्तकालयाध्यक्ष और अन्य विशेषज्ञ भी मौजूद रहेंगे। वे विद्यार्थियों को संघर्ष से सफलता तक की प्रेरक कहानियां सुनाने के साथ-साथ तनावमुक्त बोर्ड परीक्षा की तैयारी के टिप्स देंगे।
शैक्षणिक से लेकर साहित्यिक पुस्तकों की रहेगी भरमार
माध्यमिक शिक्षा विभाग के अनुसार, पुस्तक मेले में शैक्षणिक पुस्तकों के साथ-साथ पेंटिंग और रेखाचित्रों से जुड़ी किताबें भी उपलब्ध होंगी। यहां साहित्य, फिक्शन, नॉन-फिक्शन, नए व प्रसिद्ध लेखकों की साइन की गई प्रतियां, रहस्य, रोमांस, ऐतिहासिक उपन्यास, जीवनी, आत्मकथा, विज्ञान, इतिहास, आत्मनिर्भरता और यात्रा वृत्तांत पर आधारित पुस्तकें मिलेंगी। इसके अलावा प्रतियोगी परीक्षाओं की गाइड, भाषा सीखने की किताबें तथा हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू और अन्य क्षेत्रीय भाषाओं में बच्चों की रुचि के अनुसार कहानियां, नाटक, उपन्यास और कविताएं भी उपलब्ध रहेंगी।