लविवि : छात्रावास में मिला वारंटी छात्र, प्रॉक्टर से हाथापाई
महमूदाबाद छात्रावास में होने की सूचना पर प्रॉक्टर ने मारा छापा
पकड़कर पुलिस को सौंपा, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर भेजा जेल
लखनऊ विश्वविद्यालय में बृहस्पतिवार दोपहर निष्कासित पूर्व छात्र के महमूदाबाद छात्रावास में होने की सूचना पर प्रॉक्टर प्रो. विनोद सिंह ने छापा मारा। निष्कासित छात्र से प्रॉक्टर की नोकझोंक व हाथापाई हुई। छात्र को पकड़कर प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पूर्व छात्र के खिलाफ एक अन्य मामले में पहले से वारंट जारी था और वह फरार चल रहा था।
प्रॉक्टर प्रो. विनोद सिंह ने गुरुवार दोपहर प्रॉक्टोरियल बोर्ड के साथ महमूदाबाद छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। प्रॉक्टर ने जब पूर्व छात्र आनंद सिंह सत्या से वहां आने का कारण पूछा तो बहस होने लगी। मामला नोकझोंक और हाथापाई तक पहुंच गया। सूचना मिलने पर विश्वविद्यालय पुलिस चौकी प्रभारी अभय सिंह भी मौके पर पहुंच गए। प्रॉक्टर प्रो. विनोद सिंह ने बताया कि छात्रावास में बाहरी छात्रों के आने-जाने की सूचनाएं मिल रही थीं। आज दोपहर इसी क्रम में महमूदाबाद छात्रावास गया था। वहां वारंटी व विवि से निष्काषित छात्र के होने की सूचना मिली, जिस पर उसे पकड़कर हसनगंज पुलिस को सौंप दिया गया है। इस तरह के कुछ बाहरी छात्रों ने परिसर का माहौल खराब करने का प्रयास किया है। विश्वविद्यालय इस पर पूरी नजर रखे हुए है।
नशे की हालत में था आरोपी
सत्या विश्वविद्यालय से निष्कासित था और आज नशे की हालत में छात्रावास में मिला। उसने प्रॉक्टर प्रो. विनोद सिंह के साथ मारपीट का प्रयास भी किया। प्रॉक्टर की तहरीर पर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
- धीरेंद्र कुशवाहा, इंस्पेक्टर हसनगंज