जन चौपाल में सुनवाई करतीं महापौर।
लखनऊ। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के मौके पर महापौर सुषमा खर्कवाल ने मंगलवार को विद्यावती द्वितीय वार्ड में जन चौपाल लगाई। इस दौरान नागरिकों ने समस्याएं और सुझाव रखे। कूड़ा उठान में लापरवाही की शिकायतें मिलने पर कार्यदायी संस्था लॉयन एनवायरो के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए 15 दिन में व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए।
महापौर ने सख्त चेतावनी दी कि दोबारा इस क्षेत्र से कूड़ा उठान संबंधी शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी करने के लिए कहा। लोगों की शिकायत थी की कि एलडीए कॉलोनी में कई स्थानों पर तीन-तीन दिन तक कूड़ा वाहन नहीं पहुंच रहा है। इससे घरों और मोहल्लों में कूड़ा जमा हो जाता है, जिससे गंदगी और दुर्गंध फैल रही है। लोगों ने बताया कि कई मकानों का सीवर सीधे नालियों में छोड़ा गया है। इससे नालियों से दुर्गंध आती है।
किला मोहम्मदी नाले का भी मुद्दा उठा
जन चौपाल में किला मोहम्मदी नाले के निर्माण का विषय भी उठा। महापौर ने बताया कि नगर विकास मंत्री एके शर्मा के प्रयासों से नाले के निर्माण को शासन स्तर से स्वीकृति मिल गई है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा।