लखनऊ। लविवि प्रशासन ने एमएससी के छात्रों की नेट से टकरा रहीं परीक्षा तिथियों को देखते हुए दूसरे सेमेस्टर का परीक्षा कार्यक्रम संशोधित किया है। अब एमएससी फिजिक्स की दूसरे सेमेस्टर की परीक्षाएं 16 सितंबर की जगह 19 सितंबर से होंगी।
हाल ही में विद्यार्थियों ने ट्वीट कर जानकारी दी थी कि एक तरफ 16 सितंबर को एमएससी फिजिक्स दूसरे सेमेस्टर की परीक्षाएं प्रस्तावित हैं तो वहीं दूसरी तरफ 16 सितंबर को ही उनके संबंधित विषयों की नेट की परीक्षाएं भी हैं। दोनों की परीक्षाएं एक साथ होने से उनके सामने काफी समस्या है। विद्यार्थियों ने विवि प्रशासन से परीक्षा तिथि में संशोधन की मांग की थी। मंगलवार को डीएसडब्ल्यू प्रो. पूनम टंडन ने संशोधित परीक्षा कार्यक्रम जारी किया। विवि प्रशासन के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, एमएससी फिजिक्स दूसरे सेमेस्टर की परीक्षाएं 19 सितंबर से 30 सितंबर तक और एमएससी फिजिक्स दूसरे सेमेस्टर ओल्ड कोर्स की परीक्षाएं 19 से 26 सितंबर तक दोपहर दो से शाम पांच बजे तक होंगी।
अबेकस पर अपलोड करें सूचनाएं
लखनऊ। लविवि प्रशासन ने एक आदेश जारी कर सभी डीन, हेड, निदेशक, समन्वयक व कॉलेज प्राचार्यों को पत्र भेजकर शासन के निर्देश के क्रम में सभी संबंधित अबेकस-यूपी पोर्टल पर अपनी प्रविष्टियां अपलोड करने को कहा है। उन्होंने कहा है कि शासन से समय-समय पर इसके लिए निर्देश जारी किए गए हैं, उसके बाद भी संबंधित सूचनाएं नहीं अपलोड की गई हैं। रजिस्ट्रार संजय मेधावी ने जारी पत्र में कहा है कि संबंधित डाटा अपलोड न करने पर महाविद्यालय के किसी भी आवेदन या कार्रवाई पर विचार नहीं किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी महाविद्यालय की होगी।