लखनऊ विश्वविद्यालय प्रशासन ने लंबे समय से इंतजार कर रहे बीएससी एग्रीकल्चर, एमएससी एग्रीकल्चर पहले सेमेस्टर की परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया।
बीएससी एजी पहले सेमेस्टर की परीक्षाएं 19 मई से और एमएससी एजी पहले सेमेस्टर की परीक्षाएं प्रस्तावित की गई हैं। साथ ही शनिवार को कई कोर्सों की वार्षिक परीक्षाओं का भी परीक्षा कार्यक्रम जारी किया गया।
लखनऊ विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों द्वारा शिक्षकों से संबंधित सूचनाएं न देने के कारण बीएससी एजी-एमएससी एजी की परीक्षाएं फंसी हुई थीं।
एक तरफ तो विश्वविद्यालय की अन्य कोर्सों की पहले सेमेस्टर की परीक्षाएं समाप्त हो गई हैं वहीं इनका कार्यक्रम भी नहीं बन पाया था, जिससे विद्यार्थी काफी परेशान थे।
अमर उजाला ने शनिवार के अंक में ‘बीएससी-एमएससी कृषि की परीक्षा शिक्षकों के फेर में फंसी’ शीर्षक से इसकी खबर प्रकाशित की, जिसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने आनन-फानन में दिन भर में परीक्षाओं का कार्यक्रम तैयार करवाकर जारी कराया।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार बीएससी ऑनर्स एग्रीकल्चर पहले सेमेस्टर (एनईपी) की परीक्षाएं 19 मई से 2 जून तक व बीएससी एजी ऑनर्स पहले सेमेस्टर (ओल्ड कोर्स) की छूटे हुए छात्रों व बैक पेपर की परीक्षाएं 19 से 27 मई तक दोपहर 2 से 5 बजे तक प्रस्तावित की गई हैं, जबकि एमएससी एजी पहले सेमेस्टर की परीक्षाएं 20 मई से 25 मई तक प्रस्तावित की गई हैं।
वार्षिक परीक्षाओं का भी कार्यक्रम जारी
विश्वविद्यालय प्रशासन ने शनिवार को वार्षिक परीक्षाओं का भी कार्यक्रम जारी किया। इसके अनुसार बीए तृतीय वर्ष गणित को छोड़कर (ओल्ड कोर्स) की परीक्षा 18 मई से 1 जुलाई तक सुबह 9 से 12 बजे तक आयोजित की जाएगी। बीए पहले सेमेस्टर गणित को छोड़कर (ओल्ड कोर्स) की परीक्षा 18 मई से 9 जून तक, बीकॉम तीसरे वर्ष (ओल्ड कोर्स) की परीक्षा 18 मई से 9 जून तक दोपहर 2 से 5 बजे तक, बीकॉम पहले सेमेस्टर ओल्ड कोर्स की परीक्षा 18 मई से 30 मई तक आयोजित होंगी। परीक्षा नियंत्रक विद्यानंद त्रिपाठी ने बताया कि बीएससी पहले सेमेस्टर व बीए पहले सेमेस्टर मैथ की परीक्षा 18 मई से 8 जून तक , बीएससी थर्ड ईयर व बीए थर्ड ईयर मैथ ओल्ड कोर्स की परीक्षा 18 मई से 24 जून तक आयोजित होंगी। वहीं बीएएमएस प्रथम व एमडी आयुर्वेद प्रथम वर्ष की परीक्षा 18 मई से 6 जून तक, बीयूएमएस की परीक्षाएं 19 मई से 2 जून तक आयोजित होंगी। एमडी-एमएस (यूनानी) की परीक्षा 19 से 25 मई तक आयोजित होंगी।