लखनऊ। गोमतीनगर हुसड़िया इलाके में कार सवार शोहदों ने जूनियर शेफ प्रतियोगिता की उपविजेता से बदसुलूकी की। वारदात के समय पीड़िता के साथ वकील बहन भी थी। विरोध करने पर आरोपियों ने बीच सड़क पर शराब की बोतल तोड़ दी। पीड़िता ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी, लेकिन पीआरवी के पहुंचने से पहले ही शोहदे भाग गए। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया है।
गोमतीनगर में रहने वाली युवती एनजीओ चलाती है। वर्ष 2013 में वह राष्ट्रीय स्तर की जूनियर शेफ प्रतियोगिता में उपविजेता भी रही थी। पीड़िता के मुताबिक रविवार रात 12 बजे के करीब वह सहेली और बड़ी बहन के साथ कार से घर लौट रही थी। हुसड़िया चौराहे के पास कार सवार कुछ युवकों ने ओवरटेक कर गाड़ी सामने लगा दी। इसके बाद उसकी कार का दरवाजा खोलने का प्रयास किया। यह देखक युवतियों ने कार अंदर से लॉक कर ली। इस बीच एक युवक ने कार का शीशा थपथपाना शुरू कर दिया और दूसरे युवक ने अपनी कार से शराब की बोतल निकाल कर गाड़ी के सामने फेंक दी। युवकों को उपद्रव करते देख युवती की अधिवक्ता बहन ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी, लेकिन पीआरवी टीम के पहुंचने से पहले ही आरोपी भाग निकले। इंस्पेक्टर गोमतीनगर दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि मंगलवार को तहरीर दी गई है, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता ने जो नंबर बताया है वह गुजरात का है।