लखनऊ। हर व्यक्ति को आधे घंटे योग करना चाहिए। इससे रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। अच्छी सेहत के लिए योग बेहद जरूरी है। यह बातें बीकेटी स्थित रामसागर मिश्रा अस्पताल के सीएमएस डॉ. वीके शर्मा ने कही। बड़ी संख्या में डॉक्टर, नर्सिंग ऑफिसर्स, पैरामेडिकल एवं अन्य कर्मचारियों ने योग किया। डॉ. वीके शर्मा ने कहा कि योग से ब्लड प्रेशर व शुगर पर आसानी से काबू पाया जा सकता है। दिल की बीमारियों से भी काफी हद तक बचा जा सकता है। योग प्रशिक्षिका उमा देवी ने बताया कि योग से मांसपेसियां मजबूत की जा सकती हैं। फेफड़े संबंधी बीमारियों में योग काफी कारगर है। योग से दवाओं की डोज में भी कमी आ सकती है।
बलरामपुर-लोकबंधु की ओपीडी में हुआ याेग
बलरामपुर अस्पताल की नई ओपीडी में योग विशेषज्ञ डॉ. नंदलाल यादव के साथ डॉक्टर व कर्मचारी ने योग किया। निदेशक डॉ. दिनेश कुमार, फिजीशियन डॉ. विष्णु कुमार, सीएमएस डॉ. एसके पांडेय, एमएस डॉ. हिमांशु चतुर्वेदी ने भी योग किया। लोकबंधु अस्पताल में ऑर्ट ऑफ लिविंग की प्रशिक्षिका प्रियंका ने सूक्ष्म व्यायाम, प्राणायाम, सूर्य नमस्कार, ध्यान सत्र का संचालन किया। अस्पताल की निदेशक डॉ. संगीता गुप्ता, सीएमएस डॉ. राजीव दीक्षित, एमएस डॉ. अजय शंकर त्रिपाठी आदि रहे।
सीएमओ संग डॉक्टरों ने किया योग
सीएमओ कार्यालय में सीएमओ डॉ. एनबी सिंह के नेतृत्व में योग किया गया। सीएमओ ने कहा कि योग एक प्राचीन भारतीय जीवन पद्धति है। इसको जीवन में अपनाकर कई शारीरिक और मानसिक दिक्कतों को दूर किया जा सकता है। इस मौके पर एसीएमओ डॉ. बीएन यादव, डॉ. एमएच सिद्दीकी, डॉ. गोपीलाल, डॉ. निशांत निर्वाण, डॉ. रवि पांडेय, जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी योगेश रघुवंशी, डीपीएम सतीश यादव आदि रहे।