लखनऊ। हजरत कासिम शहीद बाबा के तीन दिवसीय उर्स का आगाज बुधवार को हुआ। दरगाह पर जायरीन ने हाजिरी दी। अकीदतमंदों ने कुरान की तिलावत की और अमन की दुआ मांगी।
दिलकुशा गार्डेन विलायती बाग स्थित दरगाह हजरत कासिम शहीद बाबा पर शाम को मीलाद की महफिल सजी। इसमें मौलाना सैय्यद अंसार ने औलिया इकराम की सीरत पर रोशनी डाली। उन्होंने कहा कि सूफियों की खानकाहों में आने वाले हर शख्स को बराबरी का दर्जा दिया जाता है।
कारी जमील, हाफिज शहजाद, हाफिज मोहम्मद अली, मोहम्मद तारिक, मोहम्मद सद्दाम, हाफिज जलीस ने नाअत व मनकबत का नजराना पेश किया। इशा की नमाज के बाद दरगाह के सज्जादानशीन जुबैर अहमद खान के घर से जुलूस की शक्ल में सरकारी चादर ले जाकर दरगाह पर पेश की गई। इसके बाद नातिया मुशायरे का आयोजन हुआ।