लखनऊ। चारबाग स्थित दुर्गापुरी मेट्रो स्टेशन के पास बन रहे होटल को बिजली कनेक्शन नहीं मिल रहा, जबकि रेजीडेंसी एक्सईएन जय प्रकाश दो महीने पहले आठ सितंबर को ही कनेक्शन जोड़ने का आदेश दे चुके हैं, मगर यूपीआईएल उपखंड के एसडीओ अजय कुमार, जीटीआई उपकेंद्र के जेई प्रखर सिंह और टेस्ट खंड छह के एक्सईएन जयंत कुमार ने इस आदेश पर अमल नहीं किया। इससे उद्यमी अभिमन्यु तिवारी परेशान हैं। उन्होंने अब उच्चाधिकारियों से शिकायत की है।
होटल के लिए 24 अक्तूबर 2024 को 168 किलोवाट का लोड स्वीकृत हुआ था। जेई-एसडीओ का कहना है कि स्टोर में सीटी (करंट ट्रांसफार्मर) और पीटी (पोटेंशियल ट्रांसफार्मर) नहीं है, जबकि स्टोर के एक्सईएन जय सिंह ने साफ कहा कि उनके पास पर्याप्त सामग्री है। जेई लेने ही नहीं आए। जीटीआई उपकेंद्र के जेई प्रखर सिंह का कहना है कि टेस्ट इकाई के एक्सईएन जयंत कुमार के पास भी स्पेयर में सीटी-पीटी थी, जिससे कनेक्शन चालू हो सकता था, पर उन्होंने उपलब्ध नहीं कराई। जयंत ने कॉल भी रिसीव नहीं की।
Iअभिमन्यु तिवारी के होटल का कनेक्शन जोड़ने का आदेश आठ सितंबर को जारी किया गया था। अक्तूबर में भी शिकायत मिली थी। जेई-एसडीओ को निर्देश दिए, पर उन्होंने अब तक अमल नहीं किया।I
I
- जय प्रकाश, एक्सईएन रेजीडेंसी, लखनऊ मध्य जोनI
दुबग्गा में भी बिजली का इंतजार
दुबग्गा के उद्यमी साजिद अली को भी औद्योगिक इकाई के लिए कनेक्शन नहीं मिला। उन्होंने 7 अक्तूबर को 2.34 लाख रुपये जमा किए थे। एक माह बीतने के बाद भी कनेक्शन लंबित है। सूत्रों के अनुसार, तकनीकी कर्मी की खर्चा-पानी मांग पूरी न होने से फाइल अटकी हुई है।