मलिहाबाद। क्षेत्र के अमानीगंज गांव में प्राचीन शिव मंदिर के जीर्णोद्धार पर मंत्रोच्चार के बीच शुक्रवार को मंदिर में मूर्तियों की स्थापना की गई। इससे पूर्व गांव की महिलाओं ने विभिन्न धार्मिक स्थलों तक कलश यात्रा निकाली। साथ ही गांव के निकट गरीब नाथ मंदिर, भुईयन देवी मंदिर, पन्ना बाबा मंदिर आदि स्थानों तक शोभायात्रा निकाल कर मंदिर में मां दुर्गा, भगवान गणेश, श्री हनुमान जी महाराज, श्री राधाकृष्ण आदि की मूर्तियां स्थापित की गईं।
इस अवसर पर भंडारे का आयोजन भी किया गया। आयोजन समिति के शैलेंद्र यादव, विजय यादव, शिव मोहन कमलेश, देवेंद्र कुमार, प्रदीप गुप्ता, अशोक गुप्ता, दीपू, विकास, विपिन, लालजी ने बताया कि गांव में काफी वर्ष पहले संकट हरण शिव मंदिर बना था जो अब पूरी तरह से जर्जर हो चुका था। ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से मंदिर का जीर्णोद्धार कराया है।