लखनऊ। काकोरी इलाके में शुक्रवार देर रात शादी समारोह से दो लड़कों ने 12 वर्षीय किशोरी का अपहरण कर लिया। इसके बाद कुछ दूर सुनसान स्थान पर ले जाकर उससे सामूहिक दुष्कर्म किया।
वारदात के बाद दोनों किशोर भाग निकले। घर पहुंची किशोरी ने परिजनों को आपबीती बताई। पुलिस ने किशोरी की मां की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर एक किशोर को पकड़ लिया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।
पीड़िता की मां के मुताबिक शुक्रवार रात उनके देवर की शादी थी। घर में जश्न के बीच तेज आवाज में डीजे भी बज रहा था। रात करीब 11 बजे दो लड़कों ने किशोरी को अकेला पाकर अगवा कर लिया। शोर मचाने पर उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। फिर किशोरी को नहर पुलिया के पास लेकर गए और सामूहिक दुष्कर्म किया।
इंस्पेक्टर काकोरी सतीश राठौर ने बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र के दो किशोरों के खिलाफ पॉस्को एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। जल्द ही दूसरे किशोर को भी पकड़ लिया जाएगा।
काफी दिन से कर रहे थे परेशान
किशोरी की मां का आरोप है कि दोनों लड़के काफी दिन से उनकी बेटी को परेशान करते थे। इसके लिए उन्होंने कई बार उन्हें टोका भी था। बावजूद इसके दोनों की हिम्मत बढ़ती गई और उन्होंने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दे दिया। पीड़ित परिवार का कहना है कि अगर दोनों की हरकतों का पता होता तो पहले ही उनके खिलाफ केस दर्ज करा देते। इंस्पेक्टर का कहना है कि सभी पहलुओं पर छानबीन की जा रही है। दूसरे किशोर के पकड़े जाने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।