बीएड प्रवेश परीक्षा के आसान पेपर ने सोमवार को अभ्यर्थियों को मुस्कुराने का मौका दिया। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा में करीब 93 फीसदी अभ्यर्थी शामिल हुए।
प्रदेश भर के बीएड कॉलेजों में दाखिले के लिए आयोजित होने वाली प्रवेश परीक्षा राजधानी में 145 परीक्षा केद्रों पर हुई। इसके लिए 72 हजार 545 परीक्षार्थी पंजीकृत थे।
परीक्षा दो पाली में हुई। पहली पाली में भाषा तथा सामान्य अध्ययन की परीक्षा हुई। जबकि दूसरी पाली में अभ्यर्थी द्वारा लिए गए विषय तथा रीजनिंग की परीक्षा हुई। दोनों पालियों में 100-100 सवाल पूछे गए। हर सवाल दो अंकों का था। परीक्षा देने के बाद परीक्षार्थियों ने पेपर को बेहद आसान बताया।
बीएड प्रवेश परीक्षा में कट ऑफ नहीं होती है। अच्छी मेरिट होने पर अभ्यर्थियों को सिर्फ मेरिट के आधार पर अनुदानित कॉलेज मिल जाता है। परीक्षा के नोडल समन्वयक प्रो. ध्रुवसेन सिंह ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से हुई। किसी भी परीक्षा केंद्र पर कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।