लखनऊ। हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ ने अवध बार एसोसिएशन का चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष तरीके से कराने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने सभी जिम्मेदारों को कहा कि अवध बार का चुनाव ऐसा कराएं जो रोल माॅडल और पथप्रदर्शक हो।
इस टिप्पणी के साथ न्यायमूर्ति आलोक माथुर और न्यायमूर्ति अबधेश कुमार चौधरी की खंडपीठ ने अवध बार के मौजूदा चुनाव के मामले में स्वयं संज्ञान से दर्ज जनहित याचिका निस्तारित कर दी।याचिका में अवध बार चुनाव शांतिपूर्ण कराए जाने आदि के मुद्दे उठाए गए थे। कोर्ट ने कहा कि अवध बार के चुनाव के जरिये कानूनी समुदाय को समाज के लिए पथप्रदर्शक के रूप में कार्य करने की अपेक्षा की जाती है, जो दूसरों को अपनाने के लिए उदाहरण बने। कहा कि वकीलों का चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और गरिमापूर्ण ढंग से लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप होना चाहिए।