लखनऊ। भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक शिक्षा व्यवस्था और अंग्रेजी साहित्य के अध्ययन से जोड़ने की दिशा में लखनऊ विश्वविद्यालय ने पहल की है। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र (एमएमटीटीसी) की ओर से अंग्रेजी एवं आधुनिक यूरोपीय भाषा विभाग के सहयोग से आठ दिवसीय राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) ओरिएंटेशन एवं सेंसिटाइजेशन कार्यक्रम शुरू किया गया। इसमें भारतीय ज्ञान प्रणाली, बहुभाषिकता, साहित्य और अंतर्पाठीयता के विभिन्न पहलुओं पर मंथन होगा।
''इंडियन नॉलेज सिस्टम्स एंड मल्टीलिंगुअलिज्म : लिटरेचर एंड इंटरटेक्स्टुअलिटी'' विषय पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्र के निदेशक प्रो. दिनेश कुमार ने किया। पहले सत्र में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विवि, झारखंड के कुलपति प्रो. राजीव मनोहर ने भारतीय ज्ञान प्रणाली की समकालीन प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। दूसरे सत्र में लविवि के प्रो. आरपी सिंह ने अंग्रेजी अध्ययन में भारतीय ज्ञान परंपराओं के समावेश की संभावनाएं बताईं। विभागाध्यक्ष प्रो. नाजनीन खान, पाठ्यक्रम समन्वयक प्रो. हरि नारायण प्रसाद और सह-समन्वयक डॉ. परिधि किशोर ने भी विचार रखे।