रोजगार मेले के दौरान मौजूद विद्यार्थी।
लखनऊ। पॉलीटेक्निक इंजीनियरिंग के 250 विद्यार्थियों का चयन उत्पादन गुणवत्ता की जांच करने वाली मदरसन इंटरनेशनल लिमिटेड कंपनी में हुआ है। इन विद्यार्थियों को 19 हजार महीने का वेतन, लंच व आने जाने की सुविधा कंपनी की तरफ से दी जाएगी।
राजकीय पॉलीटेक्निक के प्रधानाचार्य संजीव कुमार के मुताबिक, हैदराबाद और राजस्थान की मदरसन कंपनी की ओर से परिसर में दो दिवसीय रोजगार मेला लगाया गया। मेले में मैकेनिकल आटोमोबाइल, मैकेनिकल प्रोडक्शन, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रानिक्स पेंट टेक्नोलॉजी और प्लास्टिक मोल्ड टेक्नोलाॅजी इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
साक्षात्कार में करीब 900 विद्यार्थी शामिल हुए। इनमें 250 युवाओं को सहायक इंजीनियरिंग के पदों चयनित किया गया है। कंपनी उत्पादों की गुणवत्ता और डिलीवरी पर अलग अलग देशों में काम करती है। चयनित विद्यार्थियों को विदेश में भी सेवा देने का अवसर मिलेगा। दो दिवसीय रोजगार मेले में कंप्यूटर के विभागाध्यक्ष संदीप कुमार, इलेक्ट्रानिक्स विभागाध्यक्ष विपिन यादव, राजीव कुमार विजय कुमार व अन्य मौजूद रहे।