रायबरेली। शहर के रेलवे स्टेशन रायबरेली से जौनपुर जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस का इंजन उस समय फेल हो गया, जब यह ट्रेन वाशिंग लाइन से प्लेटफाॅर्म पर ला रहे थे। दूसरे इंजन की व्यवस्था करने में देरी हो गई। इससे यह ट्रेन अपने तय समय से आधे घंटे विलंब से रवाना की जा सकी।
रविवार को रायबरेली-जौनपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस सुबह रवाना होती है। इसके पहले वाशिंग लाइन पर ट्रेन की साफ-सफाई और परीक्षण के लिए भेजा जाता है। वाशिंग लाइन से ट्रेन प्लेटफाॅर्म की तरफ बढ़ रही थी, तभी इंजन फेल हो गया। इससे यार्ड में खड़े दूसरे इंजन को तैयार किया गया, ताकि इंटरसिटी ट्रेन प्लेटफाॅर्म तक लाई जा सके। इससे ट्रेन के प्लेटफाॅर्म तक पहुंचने में देरी हुई।
इस दौरान यात्री प्लेटफाॅर्म पर ट्रेन के पहुंचने का इंतजार करते रहे। प्लेटफाॅर्म पर ट्रेन पहुंचते ही यात्री उसमें सवार हुए। स्टेशन अधीक्षक रवि रंजन ने बताया कि जौनपुर इंटरसिटी का इंजन फेल हुआ, जिससे ट्रेन देर से रवाना हुई।