लखनऊ। कलेक्ट्रेट में बृहस्पतिवार को जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक में तालकटोरा औद्योगिक क्षेत्र में अतिक्रमण का मामला उठा। उद्यमियों ने बताया कि एक बार हटाए जाने के बाद भी सड़क किनारे दोबारा अतिक्रमण हो रहा है।
इस पर सीडीओ अनिल जैन ने नगर निगम को 15 दिन तक लगातार पेट्रोलिंग कराकर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया। यह भी निर्देशित किया कि फिर अतिक्रमण होने की स्थिति में जुर्माना लगाया जाए। सीडीओ ने निवेश मित्र पोर्टल पर आए प्रकरणों की समीक्षा में समयसीमा बीतने के बाद भी लंबित मामलों पर संबंधित विभागों के प्रति कड़ी नाराजगी जताते हुए सुधार करने के निर्देश दिए।
यह भी कहा कि विभागीय पोर्टल पर प्रदर्शित सभी लंबित प्रकरणों का दैनिक आधार पर निस्तारण किया जाए। एलडीए और आवास विकास परिषद के अफसरों ने बताया कि उनके स्तर पर प्रकरणों का निस्तारण किया जा चुका है, लेकिन पोर्टल पर यह अब भी लंबित प्रदर्शित हो रहे हैं। इस पर सीडीओ ने पोर्टल डेवलेपर और निवेश मित्र के साथ समन्वय कर तकनीकी विसंगतियों को शीघ्र दूर करने के लिए कहा।
औद्योगिक क्षेत्र सरोजनीनगर में अवस्थापना सुविधाओं के विकास को लेकर चर्चा के दौरान सीडीओ ने जल निगम, यूपीसीडा और नगर निगम के समन्वय से निस्तारण के प्रयास जारी रखने का निर्देश दिया। औद्योगिक इकाइयों को रेन वाटर हार्वेस्टिंग, भूगर्भ जल रिचार्ज की सुविधा वाला ड्रेनेज सिस्टम अपनाने की सलाह दी।
गोयला औद्योगिक क्षेत्र में उद्यमियों की एलटी लाइन की मांग को लेकर भी चर्चा हुई। सीडीओ ने इस संबंध में प्रबंध निदेशक, मध्यांचल विद्युत वितरण निगम को समिति की ओर से पत्र भेजने का निर्देश दिया। बैठक में उपायुक्त उद्योग, अधिशासी अभियंता विद्युत, नगर निगम, एलडीए समेत अन्य विभागों के अधिकारी व औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी, उद्यमी थे।