लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र की ओर से मंगलवार को विकसित उत्तर प्रदेश 2047 समृद्धि का शताब्दी पर्व शिखर सम्मेलन हुआ। कुलपति प्रो. मनुका खन्ना ने उच्च शिक्षा में पहुंच और समावेशिता पर जोर दिया। उन्होंने महिलाओं, कार्यरत पेशेवरों और ऑफलाइन कैंपस के छात्रों के लिए समान अवसरों को बढ़ावा देने की बात कही। आज शिक्षण संस्थानों में जितने अधिक रोजगारपरक पाठ्यक्रम शुरू होंगे उतना ही युवाओं के लिए बेहतर होगा।
प्रो. गीतांजलि मिश्रा ने सकल नामांकन अनुपात 27% से बढ़ाकर 2047 तक 65% करने के लक्ष्य के बारे में बताया। मोबाइल-फर्स्ट प्रोग्राम, दूरस्थ शिक्षा, एआई-आधारित अनुवाद और वॉयस-ओवर तकनीक के माध्यम से पहुंच बढ़ाने पर भी जोर दिया। प्रो. अरविंद मोहन ने उच्च शिक्षा में डिजिटल, मल्टी-कैंपस मॉडल को बनाए जाने की बात कही।