लखनऊ। हजरतगंज स्थित एलएंडटी फाइनेंस कंपनी के एरिया सेल्स मैनेजर अभिनव सागर ने कर्मचारी पर फर्जी दस्तावेज लगाकर दो ग्राहकों को लोन दिलाने का आरोप लगाया है। हजरतगंज पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
अभिनव सागर के अनुसार, इंदिरानगर के रसूलपुर निवासी कर्मचारी अतिन श्रीवास्तव पर यह आरोप है। अतिन का काम ग्राहकों को ऋण दिलाना और किस्त लेकर कंपनी में जमा करना था। वर्ष 2024 में उसने लीजा डेनियल को ऋण दिलाया, जिसके लिए शांति यादव का फर्जी आधार कार्ड उपयोग हुआ। लीजा ने केवल दो किस्तें जमा कीं। कंपनी ने संपर्क करने का प्रयास किया पर बात नहीं हो सकी। इसी तरह राजा शर्मा को भी गलत आधार कार्ड पर ऋण दिया गया। आरोपी से पूछताछ में कोई जवाब नहीं मिला। इस धोखाधड़ी से कंपनी को 1.96 लाख छियानवे हजार रुपये का नुकसान हुआ है। इंस्पेक्ट विक्रम सिंह ने बताया कि कंपनी से लोन दस्तावेज मांगे गए हैं। विवेचना के दौरान जो साक्ष्य मिलेंगे उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी।