नसीराबाद (रायबरेली)। साधन सहकारी समिति नसीराबाद के सचिव ने खाद की बिक्री में 14 लाख रुपये का गबन किया। फरार चल रहे सचिव के खिलाफ आठ माह बाद मुकदमा दर्ज किया गया है।
बताते हैं कि थाना क्षेत्र के चतुरपुर निवासी रामकेवल पाल साधन सहकारी समिति नसीराबाद में सचिव के पद पर कार्यरत हैं। आठ माह पहले यहां 14 लाख रुपये का गबन का मामला सामने आया था। इस पर सचिव को नोटिस देकर निलंबित कर दिया गया था। गबन की घटना के बाद सचिव फरार हो गया।
अपर जिला सहकारी अधिकारी तहसील प्रभारी प्रवीण मिश्रा की तहरीर पर सचिव के खिलाफ गबन का मुकदमा दर्ज किया गया। थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर विवेचना उप निरीक्षक आयुष वत्स को सौंपी गई है।
आठ माह से नहीं आ रही समिति में खाद, किसान परेशान
साधन सहकारी समिति नसीराबाद में 14 लाख रुपये का गबन होने के बाद खाद नहीं आ रही है। ऐसे में समिति से जुड़े आलमपुर, बेढौना, बेंहटा, महमदपुर, बोझी, भूलामऊ व नसीराबाद कस्बे के लगभग दस हजार किसानों को खाद के लिए दूसरी समितियों व बाजार में महंगे दामों पर दाम लेनी पड़ रही है।
पत्नी बोली-गबन में अकेले मेरे पति शामिल नहीं, और भी हैं
सचिव रामकेवल पाल की पत्नी ईश्वर देई का कहना है कि 14 लाख रुपये गबन का मामले में पति के खिलाफ विभाग ने मुकदमा दर्ज कराया है, लेकिन इस गबन में अकेले मेरे पति शामिल नहीं है। समिति के आंकिक व जिला सहकारी बैंक नसीराबाद के शाखा प्रबंधक भी आरोपी है। आरोप लगाया कि सचिव की आईडी से समिति का आंकिक भी किसानों को खाद देता था। इनकी भी जांच होनी चाहिए।थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि सभी तथ्यों को लेकर जांच की जाएगी।