विश्व पर्यटन दिवस पर नीब करौरी बाबा की जन्मभूमि से समाधि तक सफर करने के लिए टूर पैकेज शुरू किया गया है। तीन दिन 50 फीसदी की छूट मिल रही है। 8,500 रुपये में बाबा से जुड़े स्थलों की कर सैर सकेंगे।
विश्व पर्यटन दिवस पर उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने नीब करौरी बाबा से जुड़े प्रमुख स्थलों की यात्रा के लिए तीन दिवसीय विशेष टूर पैकेज शुरू किया है। विजिट माई स्टेट अभियान के तहत शुरू किया गया यह विशेष पैकेज 25 से 27 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा। इस पैकेज पर 50 प्रतिशत तक की विशेष छूट दी गई है।
विज्ञापन
इस नए पैकेज से पर्यटकों को बाबा के जीवन से जुड़े चर्चित पहलू को जानने का अवसर मिलेगा। नीब करौरी बाबा का जन्म फिरोजाबाद जिले के अकबरपुर गांव में हुआ था और उन्होंने वृंदावन में समाधि ली थी।
पर्यटन विभाग अकबरपुर गांव को राज्य के आध्यात्मिक पर्यटन नीब करौरी बाबा सर्किट के रूप में विकसित कर रहा है। पर्यटन व संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि विश्व पर्यटन दिवस पर प्रदेश के विविध पर्यटन अनुभवों को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का अवसर है।
लखनऊ से शुरू होगी यात्रा
यूपीएसटीडीसी के चेयरमैन अमृत अभिजात ने बताया कि यात्रा लखनऊ से शुरू होगी। पहले दिन पर्यटक फर्रुखाबाद पहुंचेंगे। जहां वे नीब करौरी बाबा आश्रम जाएंगे और इसके बाद संकिसा के लिए जाएंगे।
यात्रा कार्यक्रम में अशोक स्तंभ, बौद्ध स्तूप तथा प्राचीन बौद्ध अवशेष और मठों का भ्रमण भी शामिल है। दूसरे दिन यात्री फिरोजाबाद स्थित अकबरपुर गांव जाएंगे, जो नीब करौरी बाबा की जन्मस्थली है। इसके बाद वे मथुरा और वृंदावन के लिए रवाना होंगे।
वृंदावन में आध्यात्मिक विरासत से जुड़े स्थलों का भ्रमण
अंतिम दिन वृंदावन में बाबा की आध्यात्मिक विरासत से जुड़े स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। इस दौरान बाबा के समाधि स्थल के साथ बांके बिहारी मंदिर और इस्कॉन मंदिर की यात्रा शामिल होगी। इसके बाद पर्यटक लखनऊ लौटेंगे। तीन दिन के पैकेज में शेयरिंग पर वातानुकूलित आवास, नाश्ता, दोपहर और रात का भोजन, हाईटी, टूर गाइड और प्रवेश शुल्क शामिल है।
टूर पैकेज को मिल रहा अच्छा रिस्पॉन्स
हाल ही में नीब करौरी बाबा से जुड़े पांच टूर पैकेज शुरू किए गए थे, जिन्हें लोगों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला। रोजाना करीब 150 से 200 लोग इसके लिए संपर्क कर रहे हैं। इच्छुक लोग 9149099890 या 8303019844 पर संपर्क करके व बुकिंग की जानकारी upstdc.co.in पर भी प्राप्त कर सकते हैं।