लखनऊ। मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में निर्यात भवन में आयोजित मंडलीय उद्योग बंधु समिति की बैठक में अमौसी, सरोजनीनगर और बंथरा में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की मांग उठाई गई। मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को जल निकासी कार्य की लागत का आकलन कर अगली बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में जल निगम ने अमौसी व सरोजनीनगर में सीवर व एसटीपी कार्य 70 प्रतिशत पूर्ण होने और शेष कार्य सितंबर 2026 तक पूरा करने की बात कही। मंडलायुक्त ने समयसीमा घटाकर जून 2026 तक कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। एलडीए के अधिकारियों ने बताया कि मोहान सड़क पर 925 मीटर सड़क चौड़ीकरण का काम करीब 80 फीसदी पूरा कर लिया गया है। बैठक में मौजूद औद्योगिक प्रतिनिधियों ने इस पर असहमति जताई। इसे गंभीरता से लेते हुए कमिश्नर ने संयुक्त सर्वे कर अगली बैठक में रिपोर्ट देने के लिए कहा
मुख्यमंत्री स्वरोजगार में उन्नाव की खराब मिली प्रगति
बैठक में मुख्यमंत्री स्वरोजगार, ओडीओपी और युवा उद्यमी योजनाओं की समीक्षा भी हुई। उन्नाव की प्रगति कमजोर मिलने पर सुधार के निर्देश दिए गए। अन्य जिलों को लक्ष्य पूर्ण करने को कहा गया।
एमएसएमई के 38 विलंबित भुगतान मामलों पर सुनवाई
लखनऊ। सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों के विलंबित भुगतान के निस्तारण के लिए मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में मंडलीय फैसिलिटेशन काउंसिल की बैठक में 38 प्रकरण आर्बिट्रेशन के लिए प्रस्तुत किए गए। इन पर सुनवाई करते हुए संबंधित पक्षकारों को आवश्यक निर्देश दिए गए। इसके अलावा आठ नए प्रकरण पंजीयन के लिए रखे गए। एक मामले में भुगतान प्राप्त होने पर उसकी कार्रवाई समाप्त कर दी गई। बैठक में संयुक्त आयुक्त उद्योग अनिल कुमार, बैंक ऑफ इंडिया के अग्रणी जिला प्रबंधक मनीष पाठक, इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के प्रतिनिधि संजय कौल और संबंधित पक्षकार मौजूद रहे।