लखनऊ। इंदिरानगर के इंजीनियरों की मनमानी बृहस्पतिवार को दो हजार परिवारों पर भारी पड़ गई। बिना सूचना दिए सर्वोदयनगर उपकेंद्र से आपूर्ति बंद करने से लोग तीन घंटे तक बिजली-पानी के लिए छटपटाते रहे। सर्वोदयनगर सहित आधा दर्जन इलाकों में सुबह नौ से दोपहर 12 बजे तक संकट रहा। खास बात है कि जिम्मेदारों ने बिजली बंद किए जाने की पूर्व सूचना तक प्रकाशित नहीं कराई।
उपभोक्ताओं ने बताया कि सुबह नौ बजे सर्वोदयनगर, ए ब्लॉक, मीना मार्केट, शक्तिनगर, लवकुशनगर, सचिवालय कॉलोनी सहित आसपास के इलाकों की बिजली अचानक गुल हो गई। गर्मी से बेहाल लोगों ने उपकेंद्र पर कॉल किया तो बताया गया कि सप्लाई में सुधार का काम चल रहा है और बिजली दोपहर 12 बजे चालू होगी। बिजली बंद किए जाने की सूचना नागरिकों को न देने के सवाल पर उपकेंद्र ऑपरेटर ने
फोन काट दिया। अधीक्षण अभियंता नवीन कुमार ने उपभोक्ताओं को सूचना दिए बिजली बंद करने को गैर जिम्मेदाराना रवैया बताया। दोपहर 12 बजे बिजली चालू होने पर परिवारों ने राहत की सांस ली।
मेट्रो सिटी में तीन घंटे गायब रही बिजली
मार्टिनपुरवा ट्रांसमिशन उपकेंद्र से जाने वाली 33 केवी लाइन में सुबह 11 बजे अचानक फॉल्ट आ गया। इससे भीखमपुर रोड स्थित मेट्रो सिटी की बिजली गुल हो गई। कॉलोनी की बिजली जनरेटर से चालू हुई, पर पूरा लोड नहीं मिला। तीन घंटे की कोशिश पर दोपहर दो बजे फॉल्ट सही हो सका। एचएएल उपकेंद्र की चिनहट से आने वाली 33 केवी लाइन में फॉल्ट से थोड़ी देर के लिए आपूर्ति ठप रही। आईआईएम रोड पर भी बिजली बंद रही।
न्यू डिफेंस कॉलोनी में भी रहा संकट
तेलीबाग। अंबेडकर उपकेंद्र के तहत आने वाली न्यू डिफेंस कॉलोनी में बुधवार रात 12 बजे एबीसी लाइन में आग लगने से बिजली गुल हो गई। उपकेंद्र के कर्मचारी रात तीन बजे बिजली चालू कर पाए।