लखनऊ। नाका के नेवाज खेड़ा में मंगलवार सुबह बिजली विभाग में चपरासी हरिलाल (55) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उनके दामाद अभिषेक ने हत्या की आशंका जताई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। उनका हार्ट और विसरा सुरक्षित रखा गया है।
अभिषेक ने बताया कि उनके सास-ससुर का कोर्ट में केस चल रहा है। ससुर पारा स्थित अपना घर छोड़कर सात वर्ष से नवाज खेड़ा में किराये के मकान में भूतल पर रह रहे थे। मंगलवार सुबह करीब नौ बजे पुलिस ने उन्हें ससुर की मौत होने की सूचना दी थी। उन्हें ससुर का शव मकान की तीसरी मंजिल पर बने स्टोर रूम में फर्श पर मिला। शव पूरी तरह से नीला पड़ चुका था। अभिषेक ने हत्या की शंका जताते हुए मकान मालिक और अन्य किरायेदारों से पूछताछ की मांग की है। इंस्पेक्टर अभिनव वर्मा ने बताया कि हरिलाल के दामाद ने कोई लिखित शिकायत नहीं की है।