लखनऊ। बिजली निगम के अधिकारियों ने सृष्टि उपकेंद्र के 33 हजार वोल्ट के पैनल शुक्रवार को उपकेंद्र के अंदर से बाहर की शिफ्ट किए गए। इस उपकेंद्र से सृष्टि, जनेश्वर, स्मृति, सरगम अपार्टमेंट, सुलभ आवास, ओरो सिटी, बजरंग विहार, कुर्सी रोड सहित आसपास के 8000 उपभोक्ताओं को आपूर्ति होती है।
अधिकारियों ने बताया कि 33 हजार वोल्ट के पैनल उपकेंद्र के बाहर के बजाय अंदर लगा दिए गए थे। इससे आए दिन नमी के कारण बिजली गुल हो रही थी। लेसा ने शुक्रवार को पैनल बाहर लगाकर एक 10 एमवीए के पॉवर ट्रांसफार्मर से आपूर्ति चालू की। जानकीपुरम जोन के मुख्य अभियंता वीपी सिंह ने बताया कि पैनल की खामी के कारण आए दिन उपभोक्ताओं को बिजली संकट से जूझना पड़ रहा था। लेसा (लखनऊ विद्युत संपूर्ति प्रशासन) ने 35 लाख रुपये खर्च करके इस तकनीकी खामी को दूर किया है। अधीक्षण अभियंता गीता आनंद की मौजूदगी में तकनीकी टीम के सदस्य एक्सईएन पंकज कुमार गुप्ता, रितेश कौशल, एसडीओ राजकुमार यादव व जेई प्रदीप कुमार ने आउटडोर पैनल को चालू कराया। नए पैनल के चालू होने पर सृष्टि अपार्टमेंट के आरडब्ल्यूए पदाधिकारी विवेक शर्मा खुशी जताई और मिठाई बांटी।