लखनऊ। वृंदावन योजना और रजनीखंड कॉलोनी के 10 हजार कनेक्शन धारकों का बिजली संकट दूर हो गया है। दोनों जगह पांच-पांच एमवीए क्षमता के दो पावर ट्रांसफार्मर लगा दिए गए हैं। इससे अब 50 हजार की आबादी को बिजली कटौती का सामना नहीं करना पड़ेगा। पावर ट्रांसफार्मर लगाने पर करीब 90 लाख रुपये खर्च आया है।
अमौसी जोन के मुख्य अभियंता राम कुमार ने बताया कि वृंदावन कॉलोनी के सेक्टर-तीन पर एक मई और रजनीखंड उपकेंद्र पर आठ मई को ट्रांसफार्मर लगाया गया। वृंदावन कॉलोनी के ट्रांसफार्मर से उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति होने लगी है। रजनीखंड के ट्रांसफार्मर से उपभोक्ताओं को आपूर्ति अभी चालू नहीं हुई है।
नए कनेक्शन देने में भी नहीं आएगी दिक्कत
अधीक्षण अभियंता तकनीकी ब्रह्मपाल ने बताया कि दोनों उपकेंद्र पर ओवरलोड था। वृंदावन योजना के सेक्टर-तीन उपकेंद्र पर 10-10 एमवीए के दो ट्रांसफार्मर पहले से लगे हैं। अब पांच एमवीए का ट्रांसफार्मर लगने से क्षमता बढ़ गई है। रजनीखंड में भी 10-10 एमवीए के दो ट्रांसफार्मर पहले से थे। अब यहां भी पांच एमवीए का एक और ट्रांसफार्मर लग गया है। उपकेंद्र की क्षमता बढ़ने से उपभोक्ताओं को प्रचंड गर्मी में बिजली कटौती नहीं झेलनी पड़ेगी। नए अपार्टमेंटों और रो-हाउस को बिजली कनेक्शन देने में भी तीन हजार किलोवाट तक लोड स्वीकृत करने की समस्या नहीं होगी।