सीतापुर। बिजली विभाग की तरफ से बृहस्पतिवार को बिसवां विद्युत वितरण खंड ने बिजली चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बकाया बिल न चुकाने पर 40 बकायेदारों के बिजली कनेक्शन काटे गए। वहीं, दो लोग मीटर से बाईपास करके बिजली चोरी करते हुए पकड़े गए। इनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाई जाएगी।
अधिशासी अभियंता संजीव कुमार मिश्रा ने नेतृत्व में छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान बिजली विभाग की पांच टीमों ने लहरपुर, हरगांव, बिसवां व तंबौर इलाके में चेकिंग की। इस दौरान बकाया होने के बावजूद तमाम लोगों को बिल अदा करने के लिए नोटिस दिया गया था। इसके बावजूद यह लोग बिल अदा नहीं कर रहे थे। वह बराबर बिजली का उपयोग कर रहे थे। इस पर टीम ने इन सभी के कनेक्शन काट दिए गए हैं। एक सप्ताह के अंदर बिल न जमा करने पर आरसी जारी करके तहसील के माध्यम से राजस्व भांति की तरह वसूली कराने की चेतावनी दी। बिसवां वितरण खंड में 1.76 लाख बिजली उपभोक्ता है। अधिशासी अभियंता ने बताया कि इसमें से महज 30 हजार उपभोक्ता ही हर माह अपना बिल जमा करते हैं। अब बिजली बिल की बकाया राशि जमा न कराने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाएगी।