लखनऊ। हजरतगंज में नरही राधा कृष्ण मंदिर लेन निवासी प्राइवेट बिजली मिस्त्री सुमित कश्यप (27) ने सोमवार देर रात घर में फंदा लगा लिया। आत्महत्या के कारण का पता नहीं चल सका है।
पिता अशोक ने बताया कि सुमित कुछ दिन से काम पर नहीं जा रहा था। उसकी पत्नी कविता चार महीने से बेटी के साथ चारबाग स्थित मायके में है। सोमवार देर शाम सुमित किसी काम से बाहर गया और थोड़ी देर बाद नशे की हालत में लौटकर कमरे में चला गया। रात 10:30 बजे अशोक उसे खाना खाने के लिए बुलाने पहुंचे तो सुमित को पंख के सहारे साड़ी से फंदा लगाकर लटका देखा। लोगों की मदद से उसे सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर हजरतगंज विक्रम सिंह ने बताया कि परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाया है।