लखनऊ से सीतापुर जाने वाले यात्री दिसंबर से इलेक्ट्रिक इंजनों से चलने वाली ट्रेनों में सफर कर सकेंगे। पहले चरण में तीन मेमू ट्रेनों को चलाने पर मंथन चल रहा है, जिनकी संख्या बाद में बढ़ाई जा सकेगी। दरअसल, पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के ऐशबाग से सीतापुर रेलखंड पर 130 साल पुरानी मीटरगेज की जगह ब्रॉडगेज का काम इसी साल पूरा हुआ है और जनवरी से रूट पर ट्रेनों का संचालन शुरू हुआ है।
रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) के अधिकारियों के अनुसार, दिसंबर से पहले ही विद्युतीकरण पूरा हो जाएगा। गोरखपुर मुख्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि रूट पर अभी तीन जोड़ी पैसेंजर ट्रेनों का संचालन हो रहा है, जिसे डीजल इंजन से चलाया जा रहा है।
गोरखपुर-लखीमपुर एक्सप्रेस भी रफ्तार भर रही है। इसी क्रम में विद्युतीकरण के बाद रूट पर मेमू ट्रेन चलाई जाएंगी। जरूरत पड़ी तो डीजल इंजन से चलने वाली ट्रेनों की संख्या कम कर दी जाएगी और मेमू चलेंगी।