सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज कंपनी की इलेक्ट्रिक बस का तीसरे रूट पर ट्रायल एक अप्रैल से होगा। इलेक्ट्रिक बस आलमबाग बस अड्डे से अंबेडकर पार्क चौराहा तक चलेगी। यह जानकारी दुबग्गा डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक सतीश पाल ने दी।
उन्होंने बताया कि आलमबाग से अंबेडकर पार्क चौराहा की 25.1 किमी दूरी का किराया 45 रुपये होगा। बस आलमबाग बस अड्डे से चारबाग, जीपीओ, हजरतगंज, सिकंदरबाग, डालीबाग, लोहिया पार्क, हुसैड़िया चौराहा, सीएमएस, जनेश्वर मिश्र पार्क होते हुए अंबेडकर पार्क चौराहा तक जाएगी।
इस रूट को ई-01ए नाम दिया गया है। इससे पूर्व इलेक्ट्रिक बस का आलमबाग बस अड्डे से विराजखंड गोमतीनगर एवं आलमबाग बस अड्डे से केजीएमयू तक ट्रायल हो चुका है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि अगले हफ्ते कर्नाटक से आने वाली इलेक्ट्रिक बसों का इनके अलावा अन्य रूट पर संचालन होगा।