निर्वाचन आयोग ने 27 मई को बागपत में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैली पर रोक लगाने से इन्कार कर दिया है। आयोग का कहना है कि लोकसभा उपचुनाव कैराना में है जबकि रैली बागपत में होनी है, जहां आदर्श आचार संहिता लागू नहीं है।
बता दें कि कैराना में 28 मई को मतदान होना है। इससे ठीक एक दिन पहले 27 मई को पीएम मोदी बागपत में ईस्टर्न-पेरीफेरल एक्सप्रेस- वे का उद्घाटन करेंगे। वह कैराना से सटे बागपत जिले के खेकड़ा में जनसभा को संबोधित करेंगे।
राष्ट्रीय लोकदल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल. वेंकटेश्वर लू से उपचुनाव के मद्देनजर मोदी के बागपत में आयोजित कार्यक्रमों पर रोक लगाने की मांग की है। इसे लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने शामली के जिला निर्वाचन अधिकारी से रिपोर्ट मांगी थी।
जिलाधिकारी ने आयोग को भेजी रिपोर्ट में कहा है कि प्रधानमंत्री की रैली कैराना में नहीं बल्कि बागपत में है, जहां उपचुनाव की आचार संहिता लागू नहीं है। डीएम की रिपोर्ट के आधार पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मोदी के कार्यक्रम पर रोक लगाने से मना कर दिया। वेंकटेश्वर लू ने बताया कि बागपत में आदर्श आचार संहिता लागू नहीं है इसलिए रैली पर रोक नहीं लगाई जा सकती।