साइकिल किसकी इस पर सस्पेंस अभी बरकरार है। अखिलेश और मुलायम गुट से पांच घंटे चली बातचीत के बाद चुनाव आयोग ने फैसला सुरक्षित कर लिया है। पार्टी के नाम और निशान पर दावेदारी ठोंकने अखिलेश और मुलायम गुट शुक्रवार को 12 बजे चुनाव आयोग पहुंचे और बारी-बारी अपना पक्ष रखा। आयोग ने मुलायम और अखिलेश खेमे को बातचीत करने एक साथ बुलाया था। ये बातचीत करीब 5 घंटे चली।
अखिलेश गुट की पैरवी कर रहे कपिल सिब्बल ने कहा कि आयोग ने फैसला रिजर्व कर लिया है। जल्द से जल्द फैसला सुनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो भी फैसला होगा वो मंजूर होगा। आयोग के बाहर अखिलेश और मुलायम के समर्थक भी जुटे रहे । मुलायम सिंह ने चुनाव आयोग जाने से पहले समर्थकों से कहा कि भरोसा रखें पार्टी नहीं टूटने देंगे। उन्होंने ये भी कहा कि साइकिल हमारी है, हमारी ही रहेगी।
अखिलेश गुट ने पहले आयोग के सामने अपना पक्ष रखा। फिर मुलायम पक्ष लंच ब्रेक के बाद अपना पक्ष रखने पहुंचा। दोनों पक्षों को सुनने के बाद चुनाव आयोग ने फैसला रिजर्व कर लिया। कपिल सिब्बल ने कहा कि उम्मीद है फैसला हमारे पक्ष में होगा।