तुलसीपुर (श्रावस्ती)। सोनवा थाना क्षेत्र के ग्राम तुलसीपुर के पूरब चकमार्ग पर शुक्रवार एक अज्ञात महिला बेहोश मिली थी। सोनवा पुलिस ने उसे जिला अस्पताल भिनगा भेजा, जहां शनिवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृत महिला की पहचान हरदत्त नगर गिरंट थाना क्षेत्र के ग्राम ददौरा निवासी मायावती (55) पत्नी राजितराम के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि मायावती मंदबुद्धि थी। शुक्रवार को घर के सभी लोग कहीं गए थे। देर शाम वापस लौटने पर जब मायावती घर पर नहीं मिली। उसकी तलाश की गई, थाने से जानकारी मिली कि एक महिला बेहोशी की हालत में अस्पताल लाई गई है। अस्पताल पहुंचने पर उसकी पहचान हुई। वहीं महिला का उपचार करने वाले डॉ. अरविंद ने बताया कि मौत हार्टअटैक से हुई है। भिनगा कोतवाली पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।