लखनऊ। गोमतीनगर के विनयखंड-3 में शनिवार सुबह अज्ञात वाहन की टक्कर से 70 वर्षीय चंद्रिका प्रसाद चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी तेज थी कि वह करीब 20 फीट उछलकर सड़क पर जा गिरे। यूपी 112 की टीम ने उन्हें लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
विनयखंड-3 निवासी चंद्रिका प्रसाद के बेटे चंद्रकांत ने बताया कि उनके पिता सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। काफी देर तक घर नहीं लौटे तो वह गोमतीनगर थाने पहुंचे। वहां उन्हें विनयखंड-3 में संगम पार्क के पास एक बुजुर्ग के अज्ञात वाहन की चपेट में आने की जानकारी मिली। इसके बाद वह लोहिया अस्पताल पहुंचे और शव की शिनाख्त पिता के रूप में की।
चंद्रिका प्रसाद के परिवार में बेटा चंद्रकांत और एक बेटी है। उनकी पत्नी शीला की 2021 में बीमारी से मौत हो चुकी है। चंद्रकांत ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर वाहन की पहचान करने की मांग की है। इंस्पेक्टर ब्रजेश चंद्र ने बताया कि परिजनों ने अभी लिखित तहरीर नहीं दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है।