फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बुजुर्ग दंपती की गला रेतकर हत्या के बाद लूटपाट, खून से लथपथ शव देखकर होश उड़े, तस्वीरें

Fri, 13 Dec 2019 04:52 PM IST
Vikas Kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
1 of 14
बिलकीस जहां व बिलाल अहमद (फाइल फोटो), नजर आया संदिग्ध, दंपती की हत्या की जानकारी पर पहुंचे पुलिस अधिकारी - फोटो : अमर उजाला
लखनऊ में सआदतगंज के रिहायशी इलाके चौपटिया में बृहस्पतिवार रात 70 वर्षीय चिकन कारोबारी बिलाल अहमद और उनकी पत्नी बिलकीस जहां (65) का घर में घुसकर बेरहमी से गला रेत दिया गया। करीब साढे़ नौ बजे बगल के कमरे में रहने वाले गुड्डू उर्फ सलीम व उसके भाई शक्कू ने दरवाजा खुला देख भीतर झांसा तो बुजुर्ग दंपती के खून से लथपथ शव देखकर होश उड़ गए। पुलिस को दोहरे हत्याकांड की सूचना मिली तो हड़कंप मच गया।
विज्ञापन

2 of 14
हत्या के बाद जांच करते पुलिस अधिकारी - फोटो : अमर उजाला
एडीजी लखनऊ जोन एसएन साबत और एसएसपी कलानिधि नैथानी समेत अन्य पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। पुलिस को कमरे की आलमारियों में रखा सामान बिखरा मिला है जिससे लग रहा है कि हत्यारों ने लूटपाट के इरादे से हत्या की है। वारदात में किसी परिचित का हाथ होने की आशंका जताते हुए संपति के विवाद और रंजिश समेत अन्य बिंदुओं पर भी पड़ताल की जा रही है। एसएसपी ने बताया कि बिलाल अहमद और बिलकीस जहां मूलरूप से कानपुर के पटकापुर के रहने वाले थे और करीब 50 साल से यहां अब्दुल अजीज रोड स्थित एक मंजिला मकान के पहले तल पर किराये पर रह रहे थे। बिलाल की चौक स्थित चिकन मंडी में अहमद चिकन के नाम से दुकान है। मकान के भूतल पर शाजेब और उसके परिवारीजन रहते हैं जबकि पहली मंजिल के एक हिस्से में बिलाल व दूसरे हिस्से में गुड्डू उर्फ सलीम और उसका भाई शक्कू रहते हैं। बिलाल की एक बेटी सहर है जो दांतों की डॉक्टर है और पति फरहान के साथ आस्ट्रेलिया में रहती है।

 
विज्ञापन

3 of 14
बुजुर्ग दंपती की हत्या - फोटो : अमर उजाला
रात करीब साढ़े नौ बजे शक्कू और सलीम अपने कमरे से बाहर निकले तो सामने बिलाल के हिस्से का दरवाजा खुला हुआ था। दरवाजे के भीतर झांकने पर बिलाल को खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ा देख दोनों के होश उड़ गए। बकौल शक्कू, भीतर जाने पर पीछे के कमरे में बेड पर बिलकीस पड़ी नजर आईं। दोनों के गले कटे हुए थे व शरीर पर धारदार हथियार के कई निशान थे। आसपास खून फैला हुआ था।

 

4 of 14
हत्या की जानकारी पर पहुंचे पुलिस अधिकारी - फोटो : अमर उजाला
शक्कू और सलीम शोर मचाते हुए नीचे भागे और पुलिस को सूचना दी। बुजुर्ग दंपती की धारदार हथियार से हत्या की वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों के होश उड़ गए। मौके पर पहुंचे अधिकारियों को कमरों की आलमारियां खुली मिलीं। उनमें रखा सामान आसपास बिखरा हुआ था। एसएसपी ने बताया कि वारदात में किसी परिचित का ही हाथ होने की आशंका लग रही है। क्राइम ब्रांच और सर्विलांस के साथ ही पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकलवाई जा रही है।
विज्ञापन

5 of 14
दंपती की हत्या की जानकारी पर पहुंचे पुलिस अधिकारी - फोटो : अमर उजाला
हत्यारों की संख्या दो से अधिक होने की आशंका
दंपती की हत्या की वारदात में दो से अधिक बदमाशों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों शव अलग-अलग पड़े मिले हैं। बिलाल का शव दो कमरों के बीच की गैलरी में था, जबकि बिलकीस की लाश पीछे के कमरे में बेड पर थी। पुलिस के मुताबिक हत्यारों ने दोनों को अलग-अलग काबू में करके मारा होगा।

 
विज्ञापन

6 of 14
दंपती की हत्या - फोटो : अमर उजाला
मेज पर रखे थे चाय के कप और बिस्किट
मौके पर पहुंची पुलिस को मेज पर चाय के दो खाली कप और दो प्लेट में बिस्किट व नमकीन रखे मिले। पानी से भरा गिलास भी था। पुलिस ने किचन में जाकर छानबीन की तो चाय का भगोना धुला नजर आया। एसएसपी का कहना है कि चाय के कप किसी परिचित आने की ओर इशारा कर रहे हैं। ऐसा भी हो सकता है कि बिलाल और बिलकीस ने शाम को छह या सात बजे अपने लिए चाय बनाई हो और उसी वक्त बदमाश आ गए हों। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हत्या किस वक्त की गई।

 
विज्ञापन

7 of 14
बिलकीस जहां व बिलाल अहमद (फाइल फोटो) - फोटो : अमर उजाला
कमरे में मिले खून से सने सर्जिकल ग्लव्स
एएसपी पश्चिम विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि घटनास्थल पर खून से सने सर्जिकल ग्लव्स मिले हैं। इनका एक बंद पैकेट ऊपर की मंजिल पर आने वाली सीढ़ियों पर भी मिला। एसएसपी का कहना है कि इससे साफ है कि हत्यारों ने साजिश रचकर वारदात की है। वह घर में कैसे आए? किस तरह वारदात की? दंपती की हत्या व आलमारियां खंगालने में उन्हें कितनी देर लगी? वह कैसे भागे? इस बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

8 of 14
दंपती की हत्या पर पहुंचे पुलिस अधिकारी - फोटो : अमर उजाला
फोन नहीं मिला तो दौड़कर चौकी तक गए
शक्कू ने बताया कि बिलाल अहमद और बिलकीस जहां को खून से लथपथ पड़ा देख उसने पुलिस को सूचना देने के लिए 100 नंबर मिलाया। कई बार डायल करने के बाद भी संपर्क नहीं हो सका तो वह और मोहल्ले के अन्य लोग दौड़ते हुए कटरा विजन बेग पुलिस चौकी पहुंचे। घटनास्थल से चौकी करीब 150 मीटर दूर है। उन्होंने पुलिस को बुजुर्ग दंपती की धारदार हथियार से काटने की सूचना दी तो पुलिसकर्मियों के पैरों तले जमीन खिसक गई। आनन-फानन मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को अस्पताल ले गई जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

 

9 of 14
मौके पर पहुंचे एसएसपी कलानिधि नैथानी - फोटो : अमर उजाला
वकील से बातचीत पर पुलिस की नजर
दंपती की हत्या में पुलिस हर पहलू को गहराई से खंगाल रही है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि शाम को बिलाल ने फोन पर एक वकील से काफी देर तक बातचीत की थी। यह बातचीत किस विषय पर थी? इस बारे में पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने बिलाल के वकील से संपर्क किया है। इसके अलावा कानपुर और लखनऊ में बिलाल के परिवारीजनों, उनकी संपत्तियों व पारिवारिक विवादों के बारे में भी जानकारी की जा रही है।

10 of 14
दंपती की हत्या - फोटो : अमर उजाला
सुराग लगाने के लिए पांच टीम गठित
एसएसपी ने बताया कि हत्यारों का सुराग लगाने को पुलिस की पांच टीमें गठित की गई हैं। एएसपी पश्चिम के साथ ही एएसपी क्राइम, सीओ गाजीपुर, सीओ बाजारखाला और सीओ कैसरबाग के नेतृत्व में पुलिस टीमें काम कर रही हैं।

11 of 14
नजर आया संदिग्ध - फोटो : अमर उजाला
गली में नौ मिनट तक छिपे संदिग्ध के फुटेज मिले
पुलिस को अब्दुल अजीज रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरे में संदिग्ध का फोटो मिला है। नीले रंग की जैकेट और काली जींस पहने संदिग्ध की उम्र 25 साल के आसपास लग रही है। फुटेज में शाम को संदिग्ध अब्दुल अजीज रोड से बिलाल अहमद के मकान की संकरी गली की तरफ जाता दिख रहा है। गली में घुसने से पहले वह शाम 6.55 बजे एक और गंदी गली में छिपकर खड़ा हो गया था। वहां से नौ मिनट बाद ठीक 7.02 बजे वह बाहर निकला और एक जगह पर हाथ व मुंह धोया। इसके बाद वह बिलाल के घर की तरफ चला गया। पुलिस ने इलाके के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकलवाई है। संदिग्ध की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।

12 of 14
बुजुर्ग दंपती की हत्या - फोटो : अमर उजाला
चिकन कारोबारी बिलाल अहमद और उनकी पत्नी बिलकीस जहां की हत्या की खबर सुनकर परिवारीजन सन्न रह गए। परिवारीजनों ने बताया कि बिलाल और बिलकीस अक्सर बेटी के पास ऑस्ट्रेलिया चले जाते थे। दंपती 25 अगस्त को ऑस्ट्रेलिया से लौटा था। बताया कि बिलाल को ब्रेन हैमरेज हुआ था, इस वजह से वह दुकान पर कम ही आते थे। दंपती ने एक साल पहले ही आस्ट्रेलिया में बेटी के साथ बसने की पूरी तैयारी कर ली थी। इस कारण दुकान भी बंद कर दी थी। हालांकि, देखभाल के लिए दामाद के छोटे भाई को दुकान दी थी। कुछ दिन के बाद दुकान फिर से बंद हो गई। दंपती अपनी दुकान बेचकर बेटी के पास ही रहने के बारे में सोच रहे थे, लेकिन इससे पहले हत्यारों ने उन्हें मौत के घाट उतार दिया। बिलाल चार भाई हैं। इनके दो बड़े भाई तनवीर और शहनवाज (भूतपूर्व वैज्ञानिक) मुंबई में रहते हैं। वहीं, छोटे भाई सिविल इंजीनियर नजमी गोमतीनगर में रहते हैं। इसके अलावा डॉक्टर बहन आशियाना में रहती हैं।

13 of 14
बुजर्ग दंपती की हत्या की जानकारी पर पहुंचे पुलिस अधिकारी - फोटो : अमर उजाला
आधा किमी दूर जाकर रुक गया खोजी कुत्ता
बिलाल के कमरे से हत्यारों की गंध लेकर खोजी कुत्ता तेजी से बाहर की तरफ दौड़ा। वह घटनास्थल से आधा किलोमीटर दूर टंडन फौव्वारा और फिर अकबरी गेट ढाल के आगे स्थित कूड़ाघर के पास तक गया। यहां कुछ देर चारों तरफ घूमने के बाद खोजी कुत्ता रुक गया। पुलिस ने कूड़ाघर खंगाला, लेकिन हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार व अन्य कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस इस रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

 
विज्ञापन

14 of 14
बुजुर्ग दंपती की हत्या - फोटो : अमर उजाला
इलाके के प्रतिष्ठित व्यक्तियों में शुमार थे बिलाल
बिलाल अहमद इलाके के प्रतिष्ठित व्यक्तियों में शुमार थे। वह बहुत ही मिलनसार और व्यवहारकुशल थे। इलाके में ही रहने वाले उनके साले नौशाद राजनीति में सक्रिय हैं। उनकी हत्या से इलाकाई लोगों में खासा रोष है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें