वेस्ट यूपी की 8 चीनी मिलों में अब तक पेराई प्रारंभ हो गई है। 9 चीनी मिलें 2 से 5 नवंबर से बीच चलने लगेंगी। 7 चीनी मिलों का संचालन दीपावली के तत्काल बाद प्रारंभ हो जाएगी। पेराई शुरू करने वाली मिलों में तीन-तीन मेरठ व सहारनपुर मंडल तथा दो मुरादाबाद मंडल की है।
यह जानकारी गन्ना एवं चीनी आयुक्त संजय आर भूसरेड्डी ने दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में गन्ना पेराई सत्र 2018-19 का शुभारंभ हो गया है। सबसे पहले 27 अक्तूबर को मेरठ मंडल की मोदीनगर चीनी मिल प्रारंभ हुई।
इसी मंडल की सिंभावली मिल ने 31 अक्टूबर और किनौनी ने एक नवंबर से पेराई कार्य प्रारंभ कर दिया है। इसी प्रकार सहारनपुर मंडल की 03 चीनी मिलों, भैंसाना, मोरना व थानाभवन और मुरादाबाद मंडल की बिलाई व रजपुरा ने एक नवंबर को पेराई कार्य शुरू कर दिया।
इस तरह बृहस्पतिवार तक 8 मिलों का संचालन प्रारंभ हो चुका है। नौ चीनी मिलें 2 से 5 नवंबर के बीच पेराई शुरू करेंगी। इनमें मेरठ मंडल की अगौता, अनूपशहर, मलकपुर, बागपत, रमाला व बृजनाथपुर और सहारनपुर मंडल की सरसावां व ननौता मिलें शामिल हैं।