ठाकुरगंज के बालागंज में दवा फर्म कर्मचारी की बेटी शिखा को बंधक बनाकर 3.5 लाख के जेवरात लूट के मामले में पुलिस ने आठ बदमाशाें को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया।
इसमें लूट के जेवरात खरीदने वाले सराफ भी है। कब्जे से लूट के जेवरात बरामद किए हैं। डीसीपी एस चन्नप्पा के मुताबिक, 26 दिसंबर की शाम गौशाला रोड निवासी सोमेश सेठ के घर पर बदमाशों ने लूट की थी।
आरोपियों में सरोजनीनगर का हबीब, ऋषभ, चौक का दिलशाद, ठाकुरगंज का गौरव मिश्रा, तालकटोरा का आकाश यादव, अमन यादव, इम्तियाज और तालकटोरा आलमनगर निवासी सराफ व्योम रस्तोगी है।
घर में हबीब और ऋषभ दाखिल हुए थे। दोनों ने सोमेश की बेटी शिखा को डराते हुए अलमारी की चाभी देने को कहा था। नहीं देने पर ताला तोड़कर जेवर निकाल लिए थे।
इस दौरान आकाश और अमन बाहर निगाह रखे थे। पूछताछ में हबीब ने कुबूला कि गौशाला रोड स्थित मकान में ताला लटकते देख ऋषभ के साथ चोरी करने घुसा था। अंदेशा नहीं था कि घर में कोई हो सकता है।
युवती को होशियारी से बच गए गहने
एसीपी चौक आईपी सिंह के मुताबिक, घर में बदमाशों के कूदते ही शिखा सचेत हो गई थी। बदमाशों ने असलहा दिखाते हुए उसे धमकाया भी था, लेकिन शिखा ने हिम्मत नहीं हारी थी। लुटेरों को अलमारी तोड़ते देख कहा था कि उसमें नकली गहने रखे हैं। तुम लोग आराम से ले जा सकते हो। यह सुनकर सकते में पड़े बदमाश कुछ जेवरात ही लेकर भाग निकले थे। डीसीपी के अनुसार, शिखा को प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा।
सराफ के पास रखवा दिए थे जेवर
लूट के बाद बदमाश सराफ व्योम रस्तोगी के पास पहुंचे थे। पूछताछ में व्योम ने उगला कि उसने एक जोड़ी कड़े को जांचा था। जो आर्टीफिशियल निकला। इसके बाद बचे जेवरात अपने पास रख लिए थे। मंशा थी कि इत्मिनान से जांचने के बाद रकम देगा। हबीब और ऋषभ के मुताबिक, गुस्से में आकर आर्टीफिशियल कड़ा सड़क किनारे फेंक दिया था।