नदी के किनारे लगी ग्रामीणों की भीड़।
- फोटो : amar ujala
बाराबंकी के टिकैतनगर थाना क्षेत्र के रामपुर हड़ाहा गांव के निकट घाघरा में उतरे आठ लोग तेज बहाव के चलते एक के बाद एक डूबने लगे। घटना के बाद कोहराम मच गया। डूबने वालों में दो के शव बाहर निकाले गए जो पति-पत्नी के निकले। दोनों ही लखनऊ के तेलीबाग निवासी थे।
ग्रामीणों ने अन्य लोगों की तलाश शुरू की पर देर शाम तक किसी का पता नहीं लग सका था। मौसम खराब होने के कारण रेसक्यू कार्य में बाधा उत्पन्न हो रही थी। एसडीएम सिरौलीगौसपुर व स्थानीय पुलिस घटना की जानकारी पर मौके पर पहुंच गया।
कस्बा इचौली निवासी शहनवाज पुत्र शब्बीर के यहां दस्तारबंदी की दावत में शामिल होने के लिए शनिवार को कई रिश्तेदार आए थे। उन्हीं में से आठ लोग रविवार को रामपुर हड़ाहा गांव के निकट शाम करीब छह बजे घाघरा के बरायनघाट पर घूमने गए थे।
यहां पानी में उतर कर एक-दूसरे पर पानी डाल ही रहे थे कि एक का पैर तेज बहाव के चलते फिसल गया और वह डूबने लगा। उसी को बचाने में एक के बाद एक सभी लोग डूबने लगे। काफी मशक्कत के बाद अमजद (35) व उनकी पत्नी धन्नो (32) का शव बाहर निकाला गया। इस बीच वहां पर पहुंचे नूरआलम ने दोनों की शिनाख्त पति पत्नी के रूप में की, अन्य की तलाश जारी है।