महंत परमहंस दास महाराष्ट्र के सीएम की फोटो जलाते हुए
- फोटो : amar ujala
मुंबई में अभिनेत्री कंगना रनौत के कार्यालय के कुछ भाग को बीएमसी के गिराने के विरोध में अयोध्या में बुधवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की फोटो जलाई गई। इसकी अगुवाई करने वाले महंत परमहंस दास ने मुम्बई में मातोश्री को भी गिराने की मांग की है।
तपस्वी छावनी के महंत परमहंस दास ने कहा कि शिवसेना के सांसद संजय राउत ने जिस तरह देश की बेटी कंगना रनौत के खिलाफ बेहद अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया और उनका दफ्तर गिराया गया वह गलत है। उन्होंने कहा कि जिस मातोश्री में महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे रहते हैं, वह मानकों के हिसाब से अवैध है।
उसको भी गिराया जाना चाहिए। मुंबई में तो तमाम अवैध निर्माण हैं, उनको नहीं गिराया गया, लेकिन बदले की भावना से साजिश के तहत कंगना का दफ्तर गिराया गया। महंत ने कहा कि यह सिर्फ इसलिए हो रहा है, क्योंकि कंगना रनौत ने फिल्म अभिनेता स्वर्गीय सुशांत सिंह राजपूत की मौत के प्रकरण में सीबीआई जांच की मांग की।
उन्होंने देश हित में आवाज उठाई तो फिल्म माफिया और खान गैंग उनके विरोध में उतर आए और शिवसेना गाली गलौज करने लगी। उन्होंने साफ कहा कि महाराष्ट्र की सरकार अब बाला साहब ठाकरे के रास्ते से भटक गई है और देश विरोधियों का संगठन बन गई है।