फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bharat Bandh Today Live: भारत बंद का समर्थन करने वाले नेता नजरबंद, मेरठ में उन्माद फैलाने की कोशिश में 14 गिरफ्तार

Tue, 08 Dec 2020 03:46 PM IST
पंकज श्रीवास्‍तव न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ

खास बातें

राजधानी लखनऊ व आसपास के जिलों में भारत बंद का असर दिखने लगा है। समाजवादी पार्टी के विधान परिषद सदस्यों सुनील सिंह साजन, राजपाल कश्यप, आशु मलिक और आनंद भदौरिया ने लखनऊ विधान भवन में धरने पर बैठकर किसानों आंदोलन का समर्थन किया। वहीं, अंबेडकरनगर व अयोध्या में कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने घर में नजरबंद कर दिया। यहां जानिए उत्तर प्रदेश में भारत बंद के असर का हर अपडेट...
 
विज्ञापन
भारत बंद लाइव: किसी भी हालात से निपटने के लिए तैनात पुलिसकर्मी। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

लाइव अपडेट

03:24 PM, 08-Dec-2020

अलीगढ़ में भाकियू भानु कार्यकर्ताओं ने लगाया बोनेर चौराहे पर जाम

किसान यूनियनों के भारत बंद के आह्वान पर भारतीय किसान यूनियन भानु के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को बोनेर पर जाम लगाया। कार्यकर्ता अलीगढ़ कानपुर मार्ग की एक सड़क को करीब दो घंटे तक घेर कर बैठे रहे। दोपहर 12.38 बजे दूसरी सड़क भी जाम कर दी। करीब 5 मिनट जाम के बाद सभी पैदल ही नारेबाजी करते हुए धनीपुर मंडी रवाना हो गए। मंडी के गेट पर कुछ देर धरना देने के उपरांत एसीएम प्रथम अंजुम बी को ज्ञापन सौपा। इस दौरान आह्वान के बाद भी मंडी बंद न करने पर मंडी व्यापारी किसान नेताओं के निशाने पर रहे। किसानों ने ऐलान किया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

03:10 PM, 08-Dec-2020

बंद का नहीं दिखा कोई असर, कई संगठनों ने धरना देकर किया प्रदर्शन

हाथरस में भारत बंद का कोई असर नहीं दिखाई दिया और सभी प्रमुख बाजार खुले। किसान संगठनों और कई राजनीतिक दलों ने जरूर जिले के तहसील मुख्यालयों पर प्रदर्शन किए और धरना दिया। इस दौरान पुलिस फोर्स काफी सतर्क रहा और अधिकारी भ्रमण करते रहे। वकीलों ने भी हड़ताल कर प्रदर्शन किया।

02:43 PM, 08-Dec-2020

पुलिस की सख्ती से नहीं दिख रहे किसान

बरेली में पुलिस की सख्ती से किसान अभी सड़कों पर नहीं दिख रहे हैं। एकता संघ के नेता को रात ढाई बजे ही पुलिस ने नजरबंद कर दिया। सपा के बड़े नेताओं को उन्हीं के घरों में नजरबंद कर दिया गया है। चौकी चौराहा की ओर जाने वाले टेम्पो, ई रिक्शा को कंपनी गार्डन से पुलिस रोक रही है। दामोदर पार्क का रास्ता बंद कर दिया गया है। चौकी चौराहा से बेरिकेडिंग कर सभी वाहनों को रोका जा रहा है। दामोदर पार्क में पुलिस के साथ प्रशासन के अधिकारी भी भारी फोर्स के साथ मौजूद हैं।

विज्ञापन
02:33 PM, 08-Dec-2020

लखनऊ में कई जगह हिरासत में लिए गए किसान नेता व कार्यकर्ता

लखनऊ के कई इलाकों में किसान नेताओं व समर्थकों को पुलिस ने हिरासत में लिया। माल में  किसान यूनियन लोकतांत्रिक प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह चौहान, जिला उपाध्यक्ष अतुल कुमार, बाबी सिंह, अर्जुन सिंह, सज्जन सिंह सहित सैकड़ों किसानो को पुलिस ने हिरासत में लिया। वहीं, रोड जाम करने पर भी पुलिस ने किसान नेताओं को हिरासत में ले लिया।

- इटौंजा में राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकर्ताओं ने जलाया किसान बिल का पुतला।राष्ट्रीय जनता दल के जिला अध्यक्ष राकेश यादव को पुलिस ने किया गिरफ्तार।

02:27 PM, 08-Dec-2020

अयोध्या में दो दर्जन से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता गिरफ्तार

किसानों के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे दो दर्जन से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता गिरफ्तार। हाउस अरेस्ट तोड़कर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अखिलेश यादव पहुंचे कांग्रेस कार्यालय। शहर के नेहरू भवन कांग्रेस कार्यालय पर प्रदर्शन करते हुए पुलिस ने सभी कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को लिया कस्टडी में। भेजे गए पुलिस लाइन।

विज्ञापन
02:26 PM, 08-Dec-2020

अयोध्या में भारतीय किसान यूनियन का प्रदर्शन

किसानों के समर्थन में भारतीय किसान यूनियन का प्रदर्शन। गांधी पार्क व तिकोनिया पार्क में किया प्रदर्शन। गांधी पार्क का गेट खोलकर भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता निकले बाहर। सड़क पर दिया धरना। सरकार विरोधी नारे लगाए। भारतीय किसान यूनियन की महिला कार्यकर्ताओं की पुलिस से भिड़ंत हुई। बैरिकेडिंग हटाकर किसान यूनियन की महिला कार्यकर्ता सड़कों पर उतरीं।

01:56 PM, 08-Dec-2020

मेरठ में उन्माद फैलाने की आड़ में 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया

मेरठ में किसान आंदोलन की आड़ में जिले में उन्माद फैलाने की आशंका के चलते 14 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। जिनको अलग-अलग थानों में रखा गया है। बताया गया कि 8 लोगों को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर दिया। जहां से उनको न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेज दिया गया। एसएसपी अजय कुमार साहनी के मुताबिक, किसानों के भारत बंद आव्हान का असर मेरठ में नहीं है। मेरठ की सभी दुकानें व सभी बाजार खुले हुए हैं।

एनएच 58 हाईवे पर कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के जटोली और परतापुर थाना क्षेत्र के घोपला गांव के सामने किसानों ने जाम लगाया हुआ है। इसके अलावा भी कई जगहों पर किसानों ने शांतिपूर्ण तरीके से जाम लगाकर प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन दिया है। हाईवे पर जाम लगाने वाले किसानों से लगातार पुलिस प्रशासन के अधिकारियों की बातचीत चल रही है।

उन्होंने शांतिपूर्वक तरीके से जाम लगाकर अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन देने की बात कही है। एसएसपी अजय साहनी ने बताया कि किसानों के आंदोलन की आड़ में कुछ लोग माहौल खराब करना चाहते थे। इसका इनपुट मिलने पर पुलिस ने सुबह ही अलग-अलग जगह से 14 लोगों को गिरफ्तार कर लिया जिसमें मेरठ व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष जीतू नागपाल और उनके साथी शैंकी वर्मा भी शामिल है।

बताया गया कि जीतू नागपाल और शैंकी वर्मा के खिलाफ 306 (आत्महत्या करने के उकसाने) की धारा के मामले में मुकदमा दर्ज है। बताया यह भी गया है कि वह कई दिनों से किसान आंदोलन को समर्थन करने की पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे। पुलिस सोशल मीडिया पर किसान आंदोलन को लेकर भड़काऊ पोस्ट और वीडियो पर भी नजर रख रही है।

01:55 PM, 08-Dec-2020

जाम लगा रहे किसानों ने तहसीलदार की गाड़ी को वापस भेज दिया

मेरठ में जिटौली कट के नजदीक जाम लगा रहे किसानों ने तहसीलदार की गाड़ी को वापस भेज दिया। तहसीलदार सदर शिल्पा एरन सरकारी गाड़ी से जानी में किसानों से ज्ञापन लेने के लिए जा रही थीं कि किसानों ने उनकी गाड़ी को रास्ते में ही रोक लिया।

तहसीलदार सदर शिल्पा गाड़ी से उतरीं और कहने लगीं, भाई मैं तहसीलदार हूं, मेरी गाड़ी को तो निकलने दो। आप लोगों ने रास्ता क्यों रोका है?  सरकारी गाड़ी तो जाने दो। काफी देर तक तहसीलदार बोलती रहीं लेकिन किसी ने एक न सुनी। किसानों ने उन्हें सड़क पर ही रोके रखा।

01:43 PM, 08-Dec-2020
प्रदर्शन करते किसान। - फोटो : amar ujala

गजरौला में स्टेट हाइवे पर धरने पर बैठे किसान

गजरौला में दिल्ली जा रहे हैं भारतीय किसान यूनियन टिकैत के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चौधरी विजय पाल सिंह समेत तमाम किसानों को पुलिस प्रशासन ने रोक दिया है। किसान स्टेट हाईवे पर धरना देकर बैठ गए हैं इस कारण मंडी धनौरा और दिल्ली की ओर से मंडी धनौरा की ओर जाने वाले वाहनों को डायवर्ट कर दिया गया है। एसडीएम विवेक यादव और सीईओ सत्येंद्र सिंह फोर्स के साथ यहीं पर मौजूद हैं।

वहीं, चंदौसी में संभल तिराहे पर भीम आर्मी ने किसान आंदोलन के समर्थन में जाम लगा दिया और सरकार के विरुद्ध नारेबाजी की। जाम के लिए कार्यक्रम निर्धारित न होने पर कोतवाल देवेंद्र कुमार शर्मा पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और भीम आर्मी के मंडल अध्यक्ष रविंद्र कुमार को पकड़कर कोतवाली ले गए और जबरन जाम खुलवा दिया।

01:16 PM, 08-Dec-2020

अलीगढ़ में प्रशासन ने सपाइयों को उनके ठिकानों पर रोका

तीन नये कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली में 13 दिन से धरनारत किसानों के भारत बंद का मंगलवार सुबह अलीगढ़ के बाजारों पर आशिंक असर दिखा लेकिन विपक्षी दलों में हलचल है। इधर, प्रशासनिक अमले ने पुलिस अधिकारियों के साथ गश्ती शुरू कर दी है।

डीएम ने देहात के लिए एडीएम प्रशासन कार्यालय और शहर के लिए एडीएम सिटी के कार्यालय को कंट्रोल रूम बनाया है। जहां से थानावार तैनात सभी मजिस्ट्रेट से अपडेट सूचना ली जा रही है। रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, प्रमुख मार्ग, चौराहे, हाईवे और टोल पर भी पुलिस तैनात है।

इधर, बंद के समर्थन में जुट रहे सपा नेताओं को पुलिस ने उनके घरों में ही रोक दिया है। जिलाध्यक्ष गिरीश यादव किसी तरह से पूर्व नगर विधायक जफर आलम के आवास पर पहुंचे। पूर्व छर्रा विधायक ठाकुर राकेश सिंह भी साथियों के साथ पहुंच गए हैं। सपाई वहीं एकत्र हो रहे हैं। बसपा का बंद को समर्थन है लेकिन वह कोई प्रदर्शन नहीं कर रहे। जिलाध्यक्ष रतनदीप सिंह ने कहा कि वह शांतिपूर्ण ढंग से बंद का समर्थन कर रहे हैं। कांग्रेस कमेटी के द्वारा भी जिला मुख्यालय पर विरोध और प्रदर्शन प्रस्तावित है।

01:05 PM, 08-Dec-2020
सपा कार्यकर्ताओं का बहराइच में प्रदर्शन। - फोटो : amar ujala

बहराइच में सपा का जोरदार प्रदर्शन

बहराइच में सपा ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पूर्व मंत्री व मटेरा विधायक यासर शाह की अगुवाई में सपाई सड़कों पर उतरे। पुलिस से हुई तीखी नोंक-झोंक।

12:46 PM, 08-Dec-2020

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रहे अरविंद सिंह गोप हाउस अरेस्ट

बाराबंकी में पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप को हाउस अरेस्ट कर लिया गया। पुलिसकर्मियों ने उन्हें जानकारी दी।

12:42 PM, 08-Dec-2020
सपा कार्यकर्ताओं ने मल्हौर में ट्रेन रोकी। - फोटो : amar ujala

प्रदर्शनकारी सपा कार्यकर्ताओं ने लखनऊ के चिनहट में ट्रेन रोंकी

किसान आंदोलन का समर्थन कर रहे सपा कार्यकर्ताओं ने चिनहट के मल्हौर में ट्रेन रोंकी। कार्यकर्ता एमएलसी राजेश यादव उर्फ राजू के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहे थे।

11:45 AM, 08-Dec-2020

अलीगढ़ के बाजारों में नहीं दिख रहा बंदी का असर

साप्ताहिक बंदी के दिन भारत बंद का बाजारों में नहीं दिख रहा असर। राजनीतिक दलों के नेता घरों में नजरबंद। किसान संगठन जगह जगह हो रहे एकत्रित। पुलिस प्रशासनिक सख्ती कायम। किसानों के भारत बंद का शहरी इलाकों में नहीं दिख रहा असर। मुसलिम इलाकों के भी बाजार खुले। आज वैसे साप्ताहिक बंदी भी रहती है। बावजूद इसके कई इलाकों के बाजार खुले। इधर, किसान संगठन जीटी रोड पर गांव बोनेर के पास, कस्बा गोंडा में, इगलास में एकत्रित होकर धरने की तैयारी में हैं। सपा नेता पूर्व विधायक जफर आलम के आवास पर एकत्रित हैं। जहां पुलिस अमला जमा है। नजरबंद कर रखा है।

11:44 AM, 08-Dec-2020

मऊ में सपा व कांग्रेस के नेताओं को नजरबंद किया गया

देशव्यापी किसान आंदोलन के तहत मंगलवार को भारत बंद के दौरान सुबह और सोमवार की रात में ही जिले के सपा और कांग्रेस के नेताओं को पुलिस ने उनके घर पर ही नजर बंद कर दिया। कई लोगों को पुलिस ने उनके घर से निकलने
 पर रोक लगा दी। सोमवार की देर रात रानीपुर ब्लॉक के धर्मसीपुर में सपा जिलाध्यक्ष धर्मप्रकाश यादव को पुलिस ने उनके घर में नजरबंद कर दिया।

वहीं, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष इंतेखाब आलम को घोसी स्थित आवास पर, कांग्रेस शहर अध्यक्ष विष्णु कुशवाहा, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष राष्ट्रकुंवर सिंह को डुमरी मर्यादपुर स्थित उनके आवास पर, सपा के लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष धीरज राजभर को शहर के सहादतपुरा स्थित उनके अवास पर पुलिस ने नजरबंद कर दिया। वहीं सपा- कांग्रेस के कई नेताओं को पुलिस ने उनके घर में नजरबंद कर दिया।

11:42 AM, 08-Dec-2020

लखनऊ की दुबग्गा सब्जी मंडी बंद, आढ़तियों को बंदी से तीन करोड़ का नुकसान

राजधानी लखनऊ में नवीन दुबग्गा फल व सब्जी मंडी किसान आंदोलन के समर्थन में पूरी तरह बंद है। मंडी के अंदर पूरी तरह सन्नाटा छाया हुआ है। बता दें कि दुबग्गा सब्जी मंडी से प्रदेश के छह जिलों में सब्जियां जाती हैं। आढ़तियों का कहना है कि मंडी बंद होने से करीब तीन करोड़ का नुकसान होगा। आढ़तियो का कहना है कि किसानों द्वारा दुबग्गा सब्जी मंडी बंद की गई है अगर किसान सब्जी मंडी बंद कर देंगे तो हम बेचेंगे क्या? उन्होंने नुकसान होने पर कहा कि किसानों की समस्या हमारी समस्या है सरकार जल्द से जल्द इसका समाधान करे।

11:26 AM, 08-Dec-2020
प्रदर्शन करते किसान। - फोटो : amar ujala

कृषि कानून किसान को बर्बाद कर देंगे, इन्हें बिना देर लगाए वापस ले सरकार

किसानों के समर्थन में बाराबंकी के सफेदाबाद क्रॉसिंग पर किसान व समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और कहा कि सरकार को बिना देर लगाए इन कृषि कानूनों को वापस ले लेना चाहिए। ये कानून किसान को बर्बाद कर देंगे।

 

11:22 AM, 08-Dec-2020

लखनऊ के व्यापारी संगठनों ने किया समर्थन

- किसान आंदोलन को लेकर आज भारत बंद का राजधानी लखनऊ के कई व्यापारी संगठनों ने समर्थन करते हुए सड़क पर उतरने का एलान किया है। हालांकि, इन संगठनों के बाजारों में दुकानें पूरी तरह खुलेंगी और कारोबार भी होगा। आम आदमी पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एवं सराफा व्यापारी नेता मनीष कुमार वर्मा ने सोमवार को कहा कि उनके संगठन के पदाधिकारी और सदस्य बंद में शामिल होंगे। इसमें आशियाना, सरोजनीनगर, तेलीबाग, आलमबाग, बीकेटी आदि के सराफा व्यापारी भी शिरकत करेंगे।

11:22 AM, 08-Dec-2020

कांग्रेस नेता अशफाक अहमद को घर में नजर बंद कर दिया गया

- बलरामपुर में पूर्व विधायक तथा कांग्रेस नेता अशफाक अहमद को घर में नजर बंद कर दिया गया।

11:21 AM, 08-Dec-2020
प्रदर्शन पर बैठै सपा नेता व कार्यकर्ता। - फोटो : amar ujala

लखनऊ विधान भवन में सपा एमएलसी धरने पर बैठे

- लखनऊ के विधानभवन में समाजवादी पार्टी के विधान परिषद सदस्यों सुनील सिंह साजन, राजपाल कश्यप, आशु मलिक और आनंद भदौरिया ने लखनऊ विधान भवन में धरने पर बैठकर किसानों आंदोलन का समर्थन किया।

11:18 AM, 08-Dec-2020

चित्रकूट जिले में मिलाजुला असर

किसानों के समर्थन में भारत बंद के आवाहन को लेकर चित्रकूट जिले में मिलाजुला असर है। काफी दुकानें खुली हुई हैं। कई संगठनों ने दुकानें बंद कराने का आह्वान किया है। पुलिस प्रशासन बेहद सतर्क है। समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष अनुज यादव को उनके घर में ही पुलिस ने नजर बंद कर दिया है।

11:16 AM, 08-Dec-2020

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इन नेताओं को किया गया नजरबंद

मेरठ में किसान बंद के समर्थन आज सुबह ही सपा नेता पवन गुर्जर को उनके नूर नगर आवास से पुलिस ने नंजरबंद कर दिया। सहारनपुर में भारत बंद को बसपा ने भी समर्थन किया तो मंगलवार सुबह ही पुलिस बसपा जिलाध्यक्ष के घर पहुंच गई और उनको नंजरबंद कर दिया। वहीं रालोद जिलाध्यक्ष राव केसर सलीम को भी पुलिस ने उनके घर पर नजरबंद किया है। 

बागपत में रालोद जिलाध्यक्ष सुखबीर सिंह गठीना को उनके घर पर नजरबंद कर दिया गया है। बड़ौत में रालोद के पूर्व विधायक वीरपाल राठी, डॉ अजय तोमर को भी उनके घरों में नजरबंद किया गया है। शामली में पुलिस ने रालोद जिलाध्यक्ष योगेंद्र चेयरमैन को उनके आवास पर नजरबंद किया है।

11:14 AM, 08-Dec-2020

बाराबंकी में हाईवे पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का जमावड़ा

बाराबंकी में हाईवे पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का जमावड़ा लगा हुआ है। लखनऊ जाने वाले सभी मार्गों पर चौकसी बरती जा रही है। माती में किसान पथ पर भी पुलिस तैनात कर रही है चेकिंग।

11:13 AM, 08-Dec-2020

सीतापुर: सपा नेता हाजी जावेद को पुलिस ने घर में नजरबंद कर दिया

सीतापुर जिले के लहरपुर में सपा नेता हाजी जावेद को पुलिस ने घर में नजरबंद कर दिया।

11:13 AM, 08-Dec-2020

पूर्व राज्यमंत्री व सपा नेता पवन पांडे भी नजरबंद

पूर्व राज्यमंत्री व सपा नेता पवन पांडे भी नजरबंद किए गए हैं।सभी के आवास पर पुलिस के जवान तैनात हैं। वहीं, भारतीय किसान यूनियन गांधी पार्क व तिकोनिया पार्क में धरना देगा।

11:01 AM, 08-Dec-2020
कांग्रेस महानगर अध्यक्ष अकबर अली मेजर को नज़र बंद कर दिया गया - फोटो : amar ujala

अयोध्या में भारत बंद को लेकर जिला प्रशासन सख्त

अयोध्या में भारत बंद को लेकर जिला प्रशासन सख्त है। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अखिलेश यादव, यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव शरद शुक्ला, महानगर अध्यक्ष मेजर अकबर अली को नजरबंद कर दिया गया है।

09:36 AM, 08-Dec-2020

Bharat Bandh Today Live: भारत बंद का समर्थन करने वाले नेता नजरबंद, मेरठ में उन्माद फैलाने की कोशिश में 14 गिरफ्तार

राजधानी लखनऊ व आसपास के जिलों में भारत बंद का असर दिखने लगा है। समाजवादी पार्टी के विधान परिषद सदस्यों सुनील सिंह साजन, राजपाल कश्यप, आशु मलिक और आनंद भदौरिया ने लखनऊ विधान भवन में धरने पर बैठकर किसानों आंदोलन का समर्थन किया। वहीं, अंबेडकरनगर व अयोध्या में कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने घर में नजरबंद कर दिया। भारत बंद के असर पर यहां देखें लाइव अपडेट्स:

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें