लखनऊ। राजेंद्र नगर स्थित नवयुग कन्या महाविद्यालय ने अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए केन्या के यूनिवर्सिटी ऑफ एम्बू के साथ समझौता किया है। आठ अक्तूबर को हुए इस समझौते के तहत दोनों संस्थान संयुक्त शोध, विद्यार्थी प्रशिक्षण, इंटर्नशिप और शिक्षकों के कौशल विकास के लिए मिलकर काम करेंगे। इससे विद्यार्थियों और शिक्षकों को दूसरे देश की शैक्षणिक गतिविधियों और शोध कार्यों को समझने के अवसर मिलेंगे।
लखनऊ विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालय की ओर से यह पहल कुलपति प्रो. जेपी सैनी के मार्गदर्शन में की गई। समझौते का उद्देश्य दोनों संस्थानों के बीच ज्ञान, अनुभव और शोध से जुड़ी जानकारियों का आदान-प्रदान करना है। इसके तहत संगोष्ठियों, कार्यशालाओं और सम्मेलनों का संयुक्त आयोजन भी किया जाएगा। साथ ही, विद्यार्थियों को प्रशिक्षण और मार्गदर्शन देने के लिए अवसर विकसित किए जाएंगे।
प्राचार्या और समन्वयक की अहम भूमिका
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. मंजुला उपाध्याय के मार्गदर्शन और आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) की संयोजिका प्रो. संगीता कोतवाल के सहयोग से यह पहल आगे बढ़ी। समझौते को अंतिम रूप देने में आईक्यूएसी की सदस्य और समझौता समन्वयक डॉ. नेहा अग्रवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार, इस साझेदारी से विद्यार्थियों को शोध आधारित शिक्षा से जोड़ने और शिक्षकों को अपने अनुभव साझा करने के नए अवसर मिलेंगे। इससे महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों का विस्तार होने के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सहयोग भी मजबूत होगा।