लखनऊ। श्याम ज्योत मंडल की ओर से आयोजित 42वें श्याम निशानोत्सव के दूसरे दिन श्याम भक्तों का दरबार भक्तिमय भजनों से गूंज उठा। ऐशबाग के तिलकनगर स्थित महाराजा अग्रसेन पार्क में हुए आयोजन में कोलकाता के भजन गायक रवि बेरीवाल, अमोल शुभम और संजय शर्मा ने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शुरुआत रवि बेरीवाल के भजन तुमसे प्यारा कौन, हमको तो तुमसे है प्यार ओ कान्हा..., गुजारिश है आओ, ये दर है सांवरे का... जैसे भजनों से हुई। इसके बाद अनमोल शुभम ने कृपा को क्या मैं गाऊं, कृपा से गा रहा हूं... गाकर माहौल को भक्तिमय कर दिया। संजय शर्मा ने गुजारा चल रहा है, मेरा तो सांवरे से भजन गाकर... श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद श्याम भक्तों ने राधा-कृष्ण और बाबा श्याम के साथ फूलों की होली खेली। छप्पन भोग प्रसाद का वितरण भी हुआ। इस अवसर पर समिति अध्यक्ष श्रवण अग्रवाल, कोषाध्यक्ष जितेंद्र अग्रवाल और उपाध्यक्ष अनिल अग्रवाल समेत अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।
खाटू श्याम के दरबार की मनमोहक झांकी
कार्यक्रम के दौरान 50 फीट ऊंचे और 111 फीट चौड़े भव्य श्याम दरबार की अलौकिक झलक ने भक्तों को भावविभोर कर दिया। सफेद मोर आकृतियों, रंग-बिरंगे विदेशी फूलों और रोशनी से सुसज्जित दरबार में खाटू नरेश की मोहक छवि भक्तों को अपनी ओर आकर्षित कर रही थी।
आज निकलेगी शोभायात्रा
मीडिया प्रभारी अनुपम मित्तल ने बताया कि महाराजा अग्रसेन पार्क से श्याम सतरंगी ध्वज शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो बीरबल साहनी मार्ग स्थित खाटू धाम मंदिर तक पहुंचेगी।