लखनऊ। राजधानी के लोगों को 28 व 29 मार्च को मोटे अनाज यानी सुपर फूड से बने व्यंजनों का स्वाद लेने का मौका होगा। जिला प्रशासन और एफएसडीए के ईट राइट मेले में इनके स्टॉल लगाए जाएंगे। मेला समतामूलक चौराहे के पास चटोरी गली में लगेगा।
सोमवार को कलेक्ट्रेट में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की जिला स्तरीय समिति की बैठक में डीएम सूर्यपाल गंगवार ने मेले की तैयारी शुरू करने के लिए अधिकारियों को कहा है। डीएम का कहना है कि संयुक्त राष्ट्र महासभा ने वर्ष 2023 को अंतरराष्ट्रीय मिलेट्स वर्ष घोषित किया गया है। ऐसे में रिवरफ्रंट पर लखनऊ के लोगों को भी इससे जोड़ा जाएगा। ईट राइट मिलेट्स मेले का मुख्य उद्देश्य जनमानस में मोटे अनाज के उपयोग को प्रोत्साहित करना है। इसमें ईट राइट इंडिया स्टॉल पर मोटे अनाज की रेसिपी और व्यंजन मौजूद रहेंगे। मेले का शुभारंभ 28 मार्च को उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक करेंगे। आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्रा दयालु विशिष्ट अतिथि होंगे। सुबह सात बजे से वॉकाथन का आयोजन भी होगा। इसमें एनसीसी, होमगार्ड, पीएसी के जवान व बैंड शामिल होंगे। 29 मार्च को सुबह छह बजे से योग, एरोबिक, जुंबा का आयोजन भी होगा।
ये स्टाॅल रहेंगे
संयुक्त खाद्य आयुक्त डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि मेले में मोटे अनाज कोदो, सवा, बजरी, ज्वार, बाजरा, रागी एवं कुट्टू आदि के खाद्य पदार्थ के स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां निजी रेस्त्रां व होटल को भी मोटे अनाज के बनाए व्यंजन उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। स्कूली बच्चों की प्रतियोगिताएं जैसे प्रश्नोत्तरी, पोस्टर, स्लोगन लेखन आदि भी मोटे अनाज को लेकर कराई जाएंगी।
90 लाख रुपये का लगा जुर्माना
डॉ. एसपी सिंह ने बैठक में बताया कि इस वित्तीय वर्ष में अब तक 90 लाख रुपये जुर्माना के रूप में वसूल किया गया है। वहीं, खराब खाना बेचने व बनाने के मामले में तीन को गिरफ्तार भी किया गया। 850 जगह कार्यवाही कर 989 नमूने जांच के लिए भेजे गए। 566 नमूनों की रिपोर्ट के आधार पर वाद दायर कराए गए। औषधि अनुभाग द्वारा भी 54.50 लाख रुपये की औषधि सीज करते हुए 11 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भिजवाया। डीएम ने एफएसडीए को ऐसे मेडिकल स्टोर का फूड लाइसेंस बनवाने के लिए कहा है जोकि फूड सप्लीमेंट बेचने का काम करते हैं।