लखनऊ। हसनगंज में मनकामेश्वर मंदिर के पास बृहस्पतिवार सुबह सीतापुर के मछरेहटा निवासी ई रिक्शा चालक मोनू कश्यप (25) से तेज रफ्तार कार टकरा गई। मोनू कार में फंसकर करीब 50 मीटर तक घिसटते चले गए। इससे उनकी मौत हो गई।
मोनू के बड़े भाई श्यामू ने बताया कि मोनू मनकामेश्वर मंदिर के पास सड़क किनारे रहता था। बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे वह कुछ काम से सड़क पार कर रहा था। तभी बेकाबू कार उससे टकरा गई। आरोप है कि भाई कार में फंस गया पर आरोपी ने कार रोकने के बजाय और गति बढ़ा दी। स्थानीय लोग चीखते-चिल्लाते रहे मगर वह नहीं माना। करीब 50 मीटर दूर जाकर आरोपी ने कार रोकी और उसमें फंसे भाई को छुड़ाकर भाग निकला। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल भाई को ट्रॉमा सेंटर पहुंचा। वहां उसके पास मिले मोबाइल से घरवालों को सूचना दी। श्यामू ने बताया कि आनन-फानन वह ट्रॉमा सेंटर पहुंचे, मगर तब तक मोनू दम तोड़ चुका था। मोनू तीन भाइयों में छोटे थे। पिछले वर्ष उनके मंझले भाई रामसागर की बीमारी के कारण मौत हो गई थी। इंस्पेक्टर चितवन कुमार ने बताया कि फुटेज के जरिये आरोपी की तलाश की जा रही है। घरवालों के तहरीर देने पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।