लखनऊ। विभूतिखंड में ई रिक्शा एजेंसी संचालक अनूप सिंह को थार सवार दबंगों ने अगवा कर बुरी तरह पीटा। उनके मरणासन्न होने पर आरोपियों ने नकदी और मोबाइल लूटकर उन्हें चलती कार से पीजीआई की वृंदावन कॉलोनी में फेंककर भाग निकले। घटना शनिवार रात करीब 11 बजे कमता बस अड्डा चौराहे पर हुई।
चिनहट स्थित कृष्णा विहार कॉलोनी निवासी अनूप सिंह के अनुसार, वह अपनी कार में चालक के साथ चाय पी रहे थे, तभी एक युवक कार में घुसने लगा। विरोध करने पर आरोपी के पांच साथियों ने मिलकर अनूप सिंह को अगवा कर लिया। आरोपियों ने रास्ते भर लकड़ी के पटरे से पीटकर उन्हें बेहोश कर दिया। इसके बाद उन्हें पीजीआई की वृंदावन कॉलोनी में चलती कार से फेंककर आरोपी भाग गए। होश आने पर उन्होंने पाया कि आरोपियों ने उनकी जेब से छह हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया है। इंस्पेक्टर विभूतिखंड अमर सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। पुलिस टीम घटनास्थल व उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।