हजरतगंज चौराहा पर शुक्रवार दोपहर एसएसपी कलानिधि नैथानी ने प्रदेश में पहली बार थर्मल प्रिंटर (पोर्टेबल प्रिंटिंग मशीन) से ई-चालान व्यवस्था का शुभारंभ किया। एसएसपी ने पोर्टेबल प्रिंटिंग मशीन से ई-चालान किए।
नई व्यवस्था में यातायात के नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को चालान छुड़ाने के लिए ट्रैफिक पुलिसकर्मियों और कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। ई-चालान होते ही तत्काल जुर्माना भरकर उसे छुड़ाया जा सकता है। वाहन चालकों को चालान छुड़ाने के लिए जुर्माना भरने की रसीद भी तुरंत दे दी जाएगी।
एसएसपी ने बताया कि यातायात पुलिसकर्मियों के अलावा थाना प्रभारियों को थर्मल प्रिंटर दिए गए हैं जिससे वह ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों का चालान कर सकेंगे। थर्मल प्रिंटर पुलिसकर्मियों के एंड्रायड मोबाइल फोन से कनेक्ट रहेगा।
पुलिसकर्मी ट्रैफिक के नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों का मोबाइल फोन कैमरे से फोटो खींचकर उसे यूपी ट्रैफिक एप में डालकर चालान काट देंगे। जो वाहन चालक तत्काल जुर्माना भरकर चालान छुड़ाना चाहते हैं, उनसे निर्धारित धनराशि लेकर रसीद दी जाएगी।
ट्रैफिक पुलिस ने मंगाए 193 एंड्रायड फोन व थर्मल प्रिंटर
ट्रैफिक पुलिस ने 193 एंड्रायड मोबाइल फोन और थर्मल प्रिंटर मंगाए हैं। इनसे राजधानी के अधिकतर चौराहों पर वाहनों के ई-चालान किए जाएंगे। एसएसपी ने बताया कि एड्रांयड मोबाइल फोन व थर्मल प्रिंटर राजधानी के 40 थाना प्रभारियों, यातायात पुलिस के निरीक्षकों व उपनिरीक्षकों और मुख्य आरक्षियों को दिए गए हैं।
एसएसपी ने रांग साइड से आ रही एसयूवी का कराया चालान
एसएसपी कलानिधि नैथानी ने पार्क रोड के वनवे से आ रही एसयूवी को रुकवाकर उसका चालान कराया। उन्होंने एसयूवी देखते ही पुलिसकर्मियों से उसे रोकने को कहा। एसयूवी गोंडा निवासी रंजीत शुक्ला की थी। पुलिसकर्मियों ने कार रुकवाकर ई-चालान किया और एक हजार रुपये जुर्माना वसूला। उधर, अशोक मार्ग से बिना हेलमेट के स्कूटी लेकर आ रहे युवक को एएसपी ट्रैफिक पूर्णेंदु सिंह ने रोक लिया। स्कूटी सवार ने खुद को सीएम सिक्योरिटी में होने की जानकारी दी, लेकिन एएसपी ट्रैफिक ने उसका चालान कर दिया।
नियम तोड़ने के विकल्प पर क्लिक करते ही स्क्रीन पर आ जाएगी जुर्माना की राशि
ई-चालान के सॉफ्टवेयर में ट्रैफिक के सभी नियमों और उनके जुर्माने की राशि फीड की गई है। जैसे ही कोई वाहन चालक ट्रैफिक नियम तोड़ता है, पुलिसकर्मी उसकी फोटो खींचकर सॉफ्टवेयर में लोड कर देंगे जिससे वाहन का सारा ब्यौरा मोबाइल फोन के स्क्रीन पर आ जाएगा। इसके बाद हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवर स्पीड, ड्रिंक एंड ड्राइव, रांग साइड जैसे नियम तोड़ने के विकल्प दिखेंगे। विकल्प पर क्लिक करते ही जुर्माना राशि खुद ब खुद फीड हो जाएगी और चालान का प्रिंट निकल आएगा।
574 वाहनों का रजिस्ट्रेशन निरस्त करने की संस्तुति
एसएसपी ने बताया कि ई-चालान सेवा के माध्यम से की गई चालान की कार्रवाई की समीक्षा में पाया गया कि 574 वाहन के चालकों ने चार या चार से अधिक बार यातायात नियमों का उल्लंघन किया है। ऐसे वाहनों का रजिस्ट्रेशन निरस्त कराने के लिए आरटीओ को रिपोर्ट भेजकर संस्तुति की गई है।
3422 चालान में पुलिस के 305 शामिल
शुक्रवार को चले अभियान में राजधानी के हजरतगंज चौराहा समेत अन्य चौराहों और पुलिस लाइन व ट्रैफिक पुलिस लाइन के आसपास कुल 3422 चालान व ई-चालान किए गए। इसमें से पुलिस लाइन में 150 व ट्रैफिक पुलिस लाइन में 155 चालान किए गए। यातायात के नियम तोड़ने पर कुल 305 पुलिसकर्मियों के चालान हुए।