लखनऊ। राजकीय जुबली इंटर कॉलेज में मंगलवार को राज्य स्तरीय राष्ट्रीय योग ओलंपियाड 2025 प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव ने किया। इसमें प्रदेश के कुल 13 मंडलों से बालक व बालिका सहित कुल 36 प्रतिभागियों में से 26 ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में बालक वर्ग में आगरा मंडल के दसवीं के छात्र अमन पहले स्थान पर, गोरखपुर मंडल से कृष्णा दूसरे स्थान पर और वाराणसी मंडल से कक्षा नौ के छात्र आदित्यवर्धन तीसरे स्थान पर रहे।
उधर, बालिका वर्ग में मुरादाबाद मंडल की दसवीं की छात्रा रोली ने बाजी मारी। आजमगढ़ मंडल से 10वीं की छात्रा संजना दूसरे स्थान पर, लखनऊ से दसवीं की छात्रा दुर्गमा विश्वकर्मा तीसरे स्थान पर रहीं। प्रतियोगिता का समापन मंडलीय उप शिक्षा निदेशक (डीडीआर) रेखा दिवाकर ने किया। इस अवसर पर संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार, मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार मौजूद रहे।