मोहनलालगंज। मिट्टी खनन में लगे डंपर व पोकलैंड मशीन से सडकें खराब हो रही हैं। सडकों को बर्बाद होने से रोकने के लिए लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड-दो के अधिशासी अभियंता ने एसडीएम, पुलिस व अन्य अभियंताओ को पत्र भेजा है।
शनिवार को लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार की ओर से भेजा गया यह पत्र वायरल हो गया। इसमें कहा गया है कि डंपर व पोकलैंड चलने से सिसेंडी- बेनीगंज मार्ग, बरवलिया मार्ग, गुरुबक्श खेडा मार्ग, डेबरिया मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है। पत्र में मिट्टी भरकर चल रहे ओवरलोडेड डंपरों पर कार्रवाई की मांग की गई है। एसडीएम अंकित शुक्ला ने बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल पत्र देखा है, मगर वह अभी उन्हें नहीं मिला है। इंस्पेक्टर दिलेश सिंह के मुताबिक, मोहनलालगंज इलाके में मिट्टी खनन नहीं हो रहा है। बाहर से आए डंपरों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।